संजय एम तराणेकर
(कवि, लेखक व समीक्षक)
इन्दौर (मध्य प्रदेश)
(नया अध्याय, देहरादून)
हमलों से बेफिक्र बचपन…!
हमलों के बीच बेफिक्र हो खेलता बचपन,
धुएँ की लकीरों में यूं हो रहा हैं सब दफन।
आसमान ने भी ओढ़ ली है खामोश चुप्पी,
लहरों के किनारे पे आकर खड़ी पनडुब्बी।
यहाँ पर डर खड़ा है हरदम ही बेखबर-सा,
न जाने कब मिसाइल बरसे उठे कहर-सा।
वो…झूले की उड़ान में दुनिया पीछे छोड़ती,
हर झोंके संग खौफ ‘अनदेखा’ कर मोडती।
जैसे कहती—“मुझे अभी सिर्फ खेलना है”,
न जाने आगे कौन-कौन से दुख झेलना है।
जहाँ बड़ों की आँखों में खौफ-सा ठहरा है,
उसकी हँसी का ‘राज’ समंदर-सा गहरा है।
नहीं जानती आती हुई ‘सायरन’ की भाषा,
ये ना समझती ‘बारूदी’ गंध की परिभाषा।
उसकी दुनिया में हवा है, झूला और उड़ान,
यहीं मासूमियत की ताकत, मुट्ठी में जहान।







