संवाददाता कैमूरः संतोष कुमार चतुर्वेदी
(नया अध्याय, देहरादून)

आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आईएमए कैमूर शाखा द्वारा रामगढ़ प्रखंड के डरवन मध्य विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सबसे पहले चिकित्सकों स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता नारे के साथ जागरूकता रैली मध्य विद्यालय डरवन से डरवन गांव में निकाली गई। जागरूकता रैली के बाद ग्रामीणों एवं स्कूली छात्र छात्राओं को आईएमए के निवर्तमान प्रदेश सचिव एवं आईएमए एमएसएन के प्रदेश चेयरमेन डॉ संतोष कुमार सिंह ने सम्बोधित किया। अच्छा स्वास्थ्य ही सच्ची संपत्ति है जिसे हमें सहेज कर रखना चाहिए। स्वस्थ समाज ही एक मज़बूत और विकसित राष्ट्र की पहचान है। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हर साल पूरे विश्व में 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। हर साल इसका एक विशेष थीम होता है। यह दिन हमें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। इस साल विश्व स्वास्थ्य दिवस की आधिकारिक थीम है – स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें।
इस वर्ष की थीम जो वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित है, हमे याद दिलाती है कि अफ़वाहों के दौर में सही जानकारी ही सबसे बड़ा जीवन रक्षक है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं तकनीकों को पहुंचाने, स्वास्थ्य के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने हेतु आईएमए ‘ आओ गांव चलें’ अभियान के अंतर्गत कार्य करा रहा है। आज के समय में गांव का एक व्यक्ति वीडियो कॉल के माध्यम से शहर के विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह ले सकता है। यह विज्ञान और तकनीक का स्वास्थ्य में समन्वय है। ग्रामीण अपनी जीवन शैली में वैज्ञानिक आदतों जैसे स्वच्छता, संतुलित पोषण और समय पर जॉच को शामिल करें। यदि हम आज विज्ञान के साथ खड़े होते हैं तो आनेवाली पीढ़ियों को अधिक सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य दे पाएंगे।
जागरूकता कार्यक्रम में शामिल अन्य में बीडीसी फिरोज अंसारी, प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह, शिक्षक जयविंद सिंह, प्रह्लाद सिंह, लक्ष्मण प्रसाद, सुमन देवी, वंदना पटेल के साथ विद्यालय के सैकड़ों छात्र छात्राओं ने भाग लिया।







