राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग,
इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
____________________
दु:ख से डरना क्या?
____________________
है तो है, दु:ख से डरना क्या
दु:ख ने दिये युद्ध, तो दिये बुद्ध भी
दु:ख जो होते नहीं, तो होते नहीं युद्ध
युद्ध जो होते नहीं, तो होते नहीं बुद्ध
दु:ख ने रचे युद्ध और बुद्ध इसी संसार में
दु:ख ही धोता है दु:ख सभी के धीरे-धीरे
और सिरे से करता है शुद्ध भी सभी को
तब भी ये संसार जरा भी हुआ नहीं शुद्ध
जो तपता है धधकती ज्वालाओं के बीच
वही होता है शुद्ध और बुद्ध सभी के लिए
युद्ध-मैदानों में भी लड़ता है वह और वही
जो चाहते हुए सभी को होता है पवित्र
ये पवित्रता दरअसल आती है कहाँ से
वह जो कतई नहीं आती है अस्पृश्यता से
आती है तो आती है दृश्यता से ही निरंतर
और दृश्यता वह जो आती है कविता से
और दृश्यता वह जो आती है प्रेम से
इस बुरे वक्त में कम से कमतर है दृश्यता
इस बुरे वक्त में कम से कमतर है कविता
इस बुरे वक़्त में कम से कमतर है प्रेम
न युद्ध, न बुद्ध, न दु;ख, न प्रेम, न कविता
अनंत है, अपार है, अंधाधुंध है अस्पृश्यता
ईश्वर ने कभी भी रची नहीं अस्पृश्यता
मनुष्यों ने ही पहले-पहल ली ये जिम्मेदारी
और फिर जिम्मेदारी से रचे मनचाहे ईश्वर
शायद कुछ इसी तरह अवतार लिया यहाँ
अस्पृश्यता और ईश्वर ने किसी वक्त में
जब उन्हीं मनुष्यों को डराने लगे ईश्वर
जिन मनुष्यों ने अपने बचाव में रचे ईश्वर
उन्हीं ईश्वरों के बचाव में मरने-मारने लगे
और रचे जाने लगे संसारभर में युद्ध
इस तरह पृथ्वी पर कदापि ईश्वर ने नहीं
शैतानी दिमाग़ पाये मनुष्यों ने ही रचे युद्ध
फिर युद्ध ने दिये बुद्ध और दिये दु:ख
दु:ख ही सिखाता है जीना, मरना क्या
है तो है, दु:ख से डरना क्या?
_____________________







