संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
कन्नौज में निष्पक्ष भर्ती परीक्षा का भरोसा: डीएम-एसपी ने संभाली कमान, कंट्रोल रूम से केंद्रों तक कड़ी निगरानी।
कन्नौज: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से परीक्षा के लिए स्थापित कंट्रोल रूम तथा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, संचार तंत्र तथा परीक्षा केंद्रों से प्राप्त सूचनाओं की सतत मॉनिटरिंग व्यवस्था को परखा। उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए।
डीएम एवं एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों को निर्देशित किया कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्रों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए।
जनपद प्रशासन की सक्रियता और सख्त निगरानी से यह स्पष्ट संदेश गया कि कन्नौज में भर्ती परीक्षा को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जा रहा है। अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण से अभ्यर्थियों में विश्वास और व्यवस्था के प्रति संतोष का माहौल दिखाई दिया।







