संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
कर्मचारी एकता की नई तस्वीर: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कन्नौज शाखा का चुनाव सम्पन्न, अजीत प्रताप सिंह यादव फिर बने अध्यक्ष।
कन्नौजः राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश कन्नौज शाखा का चुनाव प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की देखरेख में सौहार्दपूर्ण एवं आदर्श वातावरण में सम्पन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया सीएमएसडी (सीएमओ कार्यालय) कन्नौज में आयोजित की गई, जहां कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
चुनाव में एक बार फिर पशुपालन विभाग के अजीत प्रताप सिंह यादव को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुखवंत सिंह यादव को चुना गया, जबकि मंत्री पद की कमान शिव प्रकाश राजपूत को दी गई।
संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से संघर्ष समिति चेयरमेन डॉ. एस.के. कटियार को संप्रेक्षक नियुक्त किया गया। वहीं अखिलेश सिंह को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत सभी चयनित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने संगठन की मजबूती, एकजुटता और कर्मचारी हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।






