सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री-लेखिका-शिक्षिका
अध्यक्ष – दुर्गा शक्ति समिति
[गोबरा नवापारा-राजिम, रायपुर, छ.ग.]
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख –
जिंदगी एक बहती नदी की तरह है।
इसमें कभी तेज धार आती है, कभी शांत जल !
: सुश्री सरोज कंसारी।
==================================
हम अक्सर धार में बह जाते हैं और भूल जाते हैं कि किनारा भी हमारा ही इंतजार कर रहा है। ठहरकर सोचने से, खुद को समझने से ही वह किनारा दिखता है। यह लेख उसी ठहराव की बात करता है—जहाँ हम अपनी काबिलियत को पहचानें, यादों से ताकत लें और आगे का रास्ता खुद चुने।
अपनी काबिलियत पर मेहनत कीजिए, उसे निखारिए, बेवजह मत भटकिए। मन में कुछ सोचकर मुस्कुरा देना अच्छा होता है। कभी-कभी किसी मधुर खयाल में खो जाने से मन में नई आशा और उत्साह का संचार होता है। अच्छी यादें उदासी के घेरे से निकलने में सहायक होती हैं। अपने अतीत की सुखद बातें और वे लोग जिनके साथ जिंदगी का हर लम्हा खूबसूरत बना, उन्हें हमेशा संजोकर रखना चाहिए। दुख की घड़ी में यही पल हमें सहज और सरल बनाते हैं।
अक्सर सांसारिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियों, रिश्ते-नाते और समाज के प्रति कर्तव्य निभाते हुए जब हम किसी बात से तनावग्रस्त हो जाते हैं, तब कुछ देर के लिए उस जीवन की ओर लौट जाते हैं जहाँ हमने प्रेमपूर्ण समय बिताया था।
हर इंसान अच्छे-बुरे हालातों से जूझता है और उन्हें अपने अनुकूल बनाने का प्रयास करता ही है। संघर्ष से कोई अछूता नहीं। अपनी जिंदगी में सभी परेशान रहते हैं। लेकिन कभी-कभी दुख की अधिकता मन को विचलित कर देती है, जिससे हम अनावश्यक तनाव से घिर जाते हैं। हम पहले और अब की स्थिति की तुलना करने लगते हैं। आज जिनके साथ हैं उनसे मिली कड़वाहट और पहले के लोगों के मिठास भरे व्यवहार से एक नई सोच विकसित होती है। इससे लोगों को जानने-समझने का एक विकल्प मिलता है।
इसलिए जो लोग समय की धारा में छूट गए, उनकी अच्छी बातें सदैव साथ रहती हैं। इसीलिए तो कहते हैं: जीवन में जो हर बात पर जहर घोलते हैं, हतोत्साहित करते हैं, उन्हें उपेक्षित कर आगे बढ़िए। और जो हर पल जीने की उम्मीद देते हैं, गलतियों को सुधारते हैं, सही राह दिखाते हैं, अपनेपन से स्पर्श करते हैं, परवाह करते हैं, शुभचिंतक बनकर अंधेरी राह में भी साहस देते हैं—ऐसे लोगों के मार्गदर्शन में चलिए। उनका आशीर्वाद लीजिए और अच्छे कार्य करते रहिए।
निभाने का नाम है जिंदगी। किसी के साथ रहकर उन्हें परेशान मत कीजिए। कितने दिन की है जिंदगी, हम नहीं जानते, पर उसे ऐसे गुजारें कि मनुष्य जन्म की सार्थकता पूर्ण हो जाए। हर कदम पर संभलकर चलें, हर किसी का सहयोग करें, अच्छा कर्म करते रहें। जब हमारी सोच संकुचित होती है और हम हर बात को नकारात्मक ही लेते हैं, किसी की अच्छाई को ग्रहण नहीं करते, तब मन में कुविचार ही पनपने लगते हैं।
जिनके साथ कभी शांत, सुरक्षित और सभी चिंताओं से मुक्त रहे हों, अगर वे समय के साथ किसी कारणवश दूर हो जाएँ तब भी हर पल महसूस होते हैं। भले ही हम व्यस्त हों, लेकिन उनकी बातें और यादें मायूसी के पल में हमें उत्साहित करती हैं। उनसे मिला प्रेम, स्नेह, मित्रता, व्यवहार, उनके किए उपकार, परवाह और उनसे मिली सीख हर मोड़ पर काम आती है।
हकीकत की जमीन पर रहकर कार्य करना ज़रूरी होता है। सिर्फ कल्पनाओं में रहने से जिंदगी नहीं चलती। सोचिए उतना ही जितना जरूरी है। इतना भी मत डूबिए कि आपका दिल-दिमाग चिंता से भर जाए। एकदम स्वतंत्र रहिए, अच्छा सोचिए—अपने लिए और औरों के लिए। जो कहना है उसे मन में दबाकर मत रखिए। कहने का एक सुंदर अंदाज रखिए, जो सुनने वाले को अच्छा लगे।
जब भी अपने मन, वचन, कर्म से किसी को कुछ देने का अवसर मिले, श्रेष्ठ ही दीजिए—जिसे पाकर उन्हें मानसिक खुशी मिले और वे आपके पास बार-बार आते रहें। जीवन की इस राह में न जाने हम कितने लोगों से मिलते और बिछड़ते हैं। अतीत, भविष्य और वर्तमान को सोचकर द्वंद्व में घिरे रहते हैं। हर छोटी सी बात पर तनाव लेते हैं, एक बेचैनी पालकर जीते हैं, लेकिन उससे निकलने की सामर्थ्य नहीं जुटा पाते। अंत में क्या होता है? गमगीन पलों के साथ ही जिंदगी गुजर जाती है।
जब हम अपने लिए या औरों के लिए कुछ अच्छा करते हैं, सोचते हैं, तब मन प्रसन्नचित्त होता है। खुद के प्रति कभी लापरवाह मत बनिए। हर वह कार्य कीजिए जिससे आपका हृदय खुशियों से भरा रहे, कभी खाली न हो। याद रखिए, जिम्मेदारी और जीवन की आपाधापी में जो हँसना-मुस्कुराना और खिलखिलाना छोड़ देते हैं, वे जल्दी शारीरिक-मानसिक रूप से कमजोर हो जाते हैं। उनमें कार्य करने की क्षमता कम हो जाती है।
असमंजस की स्थिति से निकलिए और सही फैसला कीजिए। आगे बढ़ते रहिए, पर जहाँ जरूरत है वहाँ रुकिए। किसी की दर्द भरी आवाज को अनसुना मत कीजिए। और अपने इस पल का भरपूर आनंद लीजिए।
त्याग, तपस्या और समर्पण भी ज़रूरी हैं, लेकिन इस बीच खुद का ध्यान रखना मत भूलिए। अस्त-व्यस्त और उलझे हुए मत रहिए। हमेशा व्यवस्थित और मर्यादित जीवन शैली रखिए। खुशी देने वाले हर कार्य कीजिए, बशर्ते किसी को नुकसान न हो और मान-सम्मान बना रहे।
किसी के विकास में बाधक न बनें। उसके बाद अपनी जिंदगी जीने के लिए आप स्वतंत्र हैं। बंदिशों के घेरे में रहते हुए जिंदगी कभी-कभी कुंठित हो जाती है। जब मन लगे मुस्कुराइए, अपनी धुन में भी रहिए, घूमिए-टहलिए, बच्चों के साथ खेलिए। प्रकृति के सान्निध्य में रहिए, उसे निहारिए। शुद्ध-शांत वातावरण में रहकर फुर्सत के पल बिताइए। इन छोटी-छोटी खुशियों को हमेशा पास रखें।
जितना हो सके लोगों के साथ जुड़कर रहें। अलग-अलग रहने, एकांत में बैठने और गुमसुम रहने से जिंदगी बहुत ही बोझिल हो जाती है। अपनी पसंद-नापसंद का ध्यान रखिए। कोई हुनर हो तो प्रोत्साहित कीजिए, निराशा में हिम्मत दीजिए। वक्त के हर पल का उपयोग कीजिए और जो उचित है, सही है, उसे ही कीजिए।
किसी के कहने पर रुकिए मत, क्योंकि आपको पता है कहाँ जाना है। बहलाने-गुमराह करने वाले तो गलत ही पता देंगे। इसलिए ज्यादा किसी के ऊपर निर्भर मत रहिए। आपको क्या करना है, कैसे रहना है, यह खुद तय कीजिए। अपने आप को खुश रखकर ही आप अपनी जिम्मेदारियाँ अच्छे से निभा सकते हैं।
ये जिन्दगी एक सफर है,
इसे हंसकर जी लो..!
यूँ ही रो धोकर, उदास रहकर न रहना,
इस बेरहम व भीषण दुनिया में,
हर हाल में मुस्कुराते रहना,
क्योंकि हँसी ही खूबसूरत शक्ति है।
अंततः ये जिंदगी न अतीत में है, न भविष्य में। वह तो इस पल में सांस ले रही है। जो पल हाथ में है, उसे पूरी शिद्दत से जियो। अपनी काबिलियत को धार दो, अपनों से जुड़ो, और मुस्कुराना मत भूलो। क्योंकि जब तुम खुश रहते हो, तब तुमसे जुड़ी हर चीज में रोशनी फैल जाती है। तो उठो, खुद को निखारो, और अपनी राह खुद बनाओ—बेवजह मत भटको।
–————————————————-







