संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
प्रधानमंत्री के हरदोई आगमन से पहले कन्नौज में सुरक्षा व यातायात को लेकर बैठक सम्पन्न।

कन्नौजः प्रधानमंत्री के 29 अप्रैल को जनपद हरदोई आगमन कार्यक्रम को लेकर कन्नौज जनपद में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री के आगमन के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु मंगलवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र कानपुर हरीश चंदर एवं पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा रूट डायवर्जन से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जनपद से होकर गुजरने वाले मार्गों पर यातायात का विशेष प्रबंधन किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। साथ ही आमजन को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
बैठक के उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात संबंधी तैयारियों का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को हर परिस्थिति में सतर्क रहने और व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधा दोनों को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे प्रधानमंत्री के आगमन कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।






