मुकेश “कबीर”
(नया अध्याय, देहरादून)
व्यंग्य
भूरा भाई का मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट
आखिर अमेरिका वाले भूरा भाई ने सर्टिफिकेट दे ही दिया कि भारत एक नर्क है, फिर बाद में केने लगे भारत एक महान देश है इसके बाद बोले कि चीन एक नर्क है। कुल मिलाकर बात जे है कि भारत नर्क है और अमेरिका स्वर्ग इसका अर्थ भूरा भाई स्वर्गवासी हुए क्या ?
अरे रुकिए भूरा भाई मेरा वो मतलब नहीं था जो आप पहले झटके में समझ लिए। खैर समझ लिए तो कोई बात नहीं आपको कुछ भी समझने और बोलने के बाद समझने से कोई रोक सका है क्या ? लेकिन मैं तो दूसरी बात कर रिया था भूरा भाई, आपको भारत नर्क लगा चीन नर्क लगा लेकिन पाकिस्तान नर्क नहीं लगा, क्या वजह होगी इसके पीछे ?
हालांकि आपसे वज़ह पूछना भी ठीक नहीं है। आप भी तो वजह खुद भी बोलने के बाद ही तलाशते हैं। आपको तो अभी तक ईरान को ठोकने की वज़ह भी नहीं मालूम, इतने दिन लड़ाई चली फिर भी आप वजह नहीं ढूंढ पाए, एक देश पूरा निपटा दिया और आपको उसकी वजह भी नहीं मालूम, कमाल है भूरा भाई।
खैर हमें ईरान और पाकिस्तान से क्या मतलब, वो तो अभी आपके लिए महत्वपूर्ण हैं, उतने ही जितने बारिश के दिनों में वाइपर, बारिश के बाद वाइपर को कोने में पटक दिया जाता है वैसा ही हाल आप पाकिस्तान का करोगे। पाकिस्तान आपके या दुनिया के लिए किसी काम का नहीं है यह बात आपसे बेहतर वो खुद जानता है लेकिन फिर भी आपको नर्क लगता है भारत? आपके इस मतिभ्रम की दोनों वज़ह भी हम जानते हैं, दोनों वजह मतलब एक तो पैदाइशी यानि मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट जो कि जग ज़ाहिर है और वो उतना ही लाइलाज है जितना चींटी के पैर में से काँटा निकालना और दूसरी और सबसे खास वज़ह है आपकी खुन्नस। अब खुन्नस इसलिए क्योंकि भारत आपके लिए युद्ध नहीं लड़ रहा, यदि भारत भी इजराइल की तरह ईरान को ठोकने लगता तो आपको भारत स्वर्ग लगने लगता और चाइना भी आपके खिलाफ जाकर ईरान की उसी तरह मदद कर रहा है जैसे डॉग लवर्स पागल कुत्ते को चुपके से रोटी डाल कर छुप जाते हैं। चीन एक जमाने में अमेरिका का पिट्ठू था इसलिए आपको लगता था कि वो आपकी तरफदारी उसी तरह करेगा जैसे बचपन की एक कहानी में जाल में फंसे हुए बिल्ले की मदद चूहा करता है लेकिन वो कहानी थी इसलिए चूहा जाल काट देता है, बिल्ले को आजाद करा देता है और कहानी खत्म हो जाती है लेकिन अब चूहा समझदार हो गया है। अब मामला कहानी का नहीं हकीकत का है।आज चूहा जानता है कि जाल काटने के बाद कहानी शुरू होगी खत्म नहीं, जाल से मुक्त होते ही बिल्ले को अचानक भूख लगेगी फिर बिल्ला उतने ही प्यार से मूषक चंद को देखेगा जैसे जेब कतरा पहली नजर में जेब को देखता है। इसलिए अब कोई भी चूहा बिल्ले का जाल नहीं काटता बल्कि जाल बिछाने वाले की मदद करता है। चीन ने भी वही किया इसलिए भूरा भाई को चीन पर गुस्सा आ गया तो बोले कि चीन भी नर्क है, वाह भूरा भाई बोले तो थे ईरान को नर्क बना दूँगा लेकिन बना दिया हिन्दुस्तान को और सेकंड ऑप्शन भी रख लिया चीन को ,जवाब नहीं आपका। खैर अब क्या कहें आपसे , आप तो बड़े बड़े नेताओं को बीबी सहित उठवा लेते हैं इसलिए कोई राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री रिस्क नहीं लेता लेकिन यह सुविधा आपको भारत में नहीं मिलती। हमारे यहां तो कुँवारे की सरकार है, हमें कौन बीबी सहित उठायेगा ? इसलिए भारत वाले आप से डरते नहीं हैं बस इसी बात की खुन्नस में आपने के दिया के भारत तो नर्क हेगा लेकिन बाद में आपको समझ आया कि कुँवारों के लिए तो कोई नर्क होता ही नहीं है तो तुरंत बोले भारत एक महान देश है। खैर अब आपने बोल ही दिया तो हम भी बोल देते हैं मेरा भारत महान, जय हिंद।
(विभूति फीचर्स)







