संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
गेहूँ उपार्जन का कार्य सुव्यवस्थित ढंग से हो, कृषकों को परेशानी ना हो व शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखें :- प्रभारी मंत्री श्री चौहान।
प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिले की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
आगर-मालवा : अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि जनकल्याण से जुड़े सभी कार्यों को अधिकारी प्राथमिकता से पूर्ण करें। शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा जनसमस्याओं का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रभारी मंत्री श्री चौहान शुक्रवार को सर्किट हाउस आगर-मालवा में आयोजित विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई चौहान, विधायक श्री मधु गेहलोत, जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय भी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में “हर घर नल से जल” योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों के मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क खुदाई के कारण नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा रोड़ रेस्टोरेशन का कार्य बारिश पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पंचायत, सरपंच, सचिव एवं जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण कर बरसात पूर्व सभी क्षतिग्रस्त मार्गों का सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने गेहूँ उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए स्लॉट बुकिंग, बारदाना उपलब्धता, परिवहन एवं भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो तथा खरीदी केन्द्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कृषकों की उपज की समय पर तुलाई एवं निर्धारित समय सीमा में भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही खरीदी केन्द्रों पर स्लॉट बुकिंग, भंडारण एवं परिवहन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में 42 खरीदी केन्द्रों पर उपार्जन कार्य संचालित किया जा रहा है। अब तक 20 हजार 843 कृषकों से गेहूँ उपज खरीदी जा चुकी है। जिले के कृषकों की उपज की शीघ्र तुलाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम कंकड़ेल में 30 हजार मैट्रिक टन क्षमता का सायलो बैग स्थापित किया गया है, जहां अब तक 13 हजार 617 मैट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही कृषकों को निर्धारित समयावधि में भुगतान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने अटल गृह ज्योति योजना एवं अटल किसान ज्योति योजना अंतर्गत उपभोक्ताओं को दी जा रही सब्सिडी तथा जिले में संचालित ग्रिड निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि एलटी लाइन बिछाने के दौरान संबंधित विधायक एवं जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जाए। मजरे-टोलों में विद्युत समस्याओं के निराकरण हेतु सरपंच, सचिव एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नवीन ग्रिड स्वीकृति के बाद शीघ्र सर्वे कर प्रस्ताव प्रेषित करने को कहा गया।
प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने ग्रीष्म ऋतु में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं पर सतत निगरानी रखी जाए तथा समस्या की जानकारी मिलने पर अधिकारी तत्काल क्षेत्र का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब एवं सुधार योग्य हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त करने तथा नए हैंडपंपों की मांग प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। एकल ग्राम नल-जल योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन अंतर्गत “हर घर नल से जल” योजना की प्रगति की समीक्षा कर कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित अधोसंरचनात्मक निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया। प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर प्रीति यादव ने जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आर.पी. वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम श्रीमती किरण बरबड़े, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







