सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, देहरादून)

मणिगुह में श्रीमद्भागवत कथा से भक्तिमय हुआ वातावरण ।
भगवान कार्तिकेय मंदिर परिसर में सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ ।
ऊखीमठ: विकासखंड अगस्तमुनि ग्राम पंचायत मणिगुह के मध्य में स्थित भगवान कार्तिकेय मंदिर परिसर इन दिनों धर्म और भक्ति की रसधारा से सराबोर है। श्री कार्तिकेय क्वारिका कीर्तन मण्डली एवं समस्त ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कथा आयोजन से सम्पूर्ण क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा गांव में धार्मिक उल्लास देखने को मिल रहा है।
व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक आचार्य नीरज भट्ट द्वारा प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कथा के माध्यम से वे श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्त प्रहलाद, ध्रुव चरित्र, गोवर्धन लीला तथा धर्म, सत्य और मानव कल्याण के संदेशों से अवगत करा रहे हैं। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजन-कीर्तन में झूमते नजर आ रहे हैं। कथावाचक आचार्य नीरज भट्ट ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कथा आयोजन में प्रतिदिन सुबह से पूजा-अर्चना, हवन एवं भजन-कीर्तन का दौर जारी है। महिला मंगल दलों एवं स्थानीय युवाओं द्वारा भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया जा रहा है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों एवं फूल-मालाओं से भव्य रूप से सजाया गया है। आयोजक समिति ने बताया कि सात दिवसीय कथा आयोजन को लेकर लोगों में भारी उत्साह बना हुआ है। दूर-दराज गांवों से भी श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भण्डारे की व्यवस्था भी की गयी है।
कथा स्थल पर प्रतिदिन शाम को सामूहिक भजन संध्या आयोजित की जा रही है, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा भगवान कार्तिकेय एवं श्रीकृष्ण के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। भक्ति संगीत से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा हुआ है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को भव्य जल कलश यात्रा निकाली जायेगी तथा शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ कथा व ज्ञान यज्ञ का समापन होगा। श्रीमद्भागवत कथा व ज्ञान यज्ञ में लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, अनिल भट्ट, शम्भू प्रसाद भट्ट, अरविंद भट्ट, आशुतोष भट्ट, श्रवण भट्ट के वेद ऋचाओं से गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है जबकि प्रधान माणिक लाल, वन पंचायत सरपंच बचन सिंह रावत, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सत्यपाल नेगी, बलवीर बिष्ट, गजेन्द्र नेगी, तेजेन्द्र चौहान, नन्दन राणा, विपिन नेगी, युवराज, हन्नी, कार्तिकेय क्वारिका कीर्तन मण्डली, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल तथा समस्त ग्रामवासी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।






