मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
अनुसूचित जाति आयोग मुकेश कुमार ने अल्मोड़ा पहुंचकर अनुसूचित प्रतिनिधियों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक।
अल्मोड़ा: आज अध्यक्ष उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग, मुकेश कुमार ने आज अल्मोड़ा पहुंचकर अनुसूचित जाति के जनप्रतिनिधियों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आयोग अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को आयोग अध्यक्ष के समक्ष रखा। इस दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आवास, छात्रवृत्ति तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाए गए। आयोग अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयोग अध्यक्ष ने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे आमजन की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके तथा शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
बैठक में सदस्य उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग विशाल मुखिया, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।







