संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही 7 लाख की अवैध शराब पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार।
कन्नौजः जनपद पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी, सर्विलांस टीम और गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही करीब सात लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत समधन फ्लाईओवर के पास जीटी रोड पर कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने एक आईशर कैंटर को रोककर तलाशी ली, जिसमें 142 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब “ब्लू स्ट्रोक व्हिस्की” बरामद हुई। बरामद शराब की मात्रा करीब 1704 लीटर बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जगदीश कुमार निवासी थाना गन्नौर, जिला सोनीपत हरियाणा तथा विजय निवासी थाना फरमाना, जिला सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से शराब से भरा कैंटर, दो मोबाइल फोन और 1840 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर बिहार के मुजफ्फरपुर में ऊंचे दामों पर बेचते थे। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां अवैध शराब की मांग अधिक रहती है, जिससे उन्हें मोटा मुनाफा मिलता था।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ गुरसहायगंज कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक त्रदीप सिंह, सर्विलांस टीम तथा गुरसहायगंज पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।







