संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
बड़े मंगलवार पर श्री बाला जी मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़
कन्नौजः ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार के अवसर पर शहर स्थित श्री बाला जी मंदिर तिर्वा क्रासिंग में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से हनुमान जी का पूजन-अर्चन किया तथा चोला चढ़ाकर विशेष श्रृंगार कराया। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।
श्री बाला जी महाराज आदर्श सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूजा-अर्चना की व्यवस्थाएं संभालीं। समिति के विष्णु कुमार शुक्ला ने आरती संपन्न कराई। वहीं आचार्य प्रदीप कुमार दीक्षित ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के जयकारे लगाते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर में दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। शाम के समय श्री बाला जी महाराज आदर्श सेवा समिति की ओर से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा नजर आया।
कार्यक्रम में प्रबंधक हिमांशु शुक्ला, पवन दुबे, आशीष दुबे, पवन मिश्रा, सोनू दुबे, आदित्य दुबे, प्रिंस श्रीवास्तव, कमलेश दुबे, अमन कश्यप और विशाल दुबे सहित तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।







