संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
आपत्तिजनक बैनरों को लेकर सपा में आक्रोश, डीएम को सौंपा ज्ञापन।
कन्नौजः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के संस्थापक सदस्य आजम खान के खिलाफ लगाए गए कथित आपत्तिजनक बैनरों को लेकर कन्नौज में सियासी माहौल गरमा गया। मुख्य चौराहों पर लगाए गए इन बैनरों को देखकर सपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई।
बताया गया कि अज्ञात लोगों द्वारा लगाए गए बैनरों में समाजवादी पार्टी के नेताओं को महिला विरोधी दर्शाने का प्रयास किया गया था। जैसे ही इस बात की जानकारी पार्टी कार्यकर्ताओं को हुई, उन्होंने मौके पर पहुंचकर बैनरों का विरोध शुरू कर दिया और कई स्थानों पर लगे पोस्टरों को फाड़ दिया।
मामले की जानकारी मिलने पर सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान के नेतृत्व में दर्जनों पार्टी नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद सभी लोग डीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर बैनर लगाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष कलीम खान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह हरकत राजनीतिक साजिश के तहत की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दल रात के अंधेरे में इस प्रकार के बैनर लगाकर समाजवादी पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
वहीं पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे ने कहा कि मौजूदा सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति कर रही है। तिर्वा विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी अनिल पाल ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब ऐसी राजनीति को समझ चुकी है।
सदर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी यश कुमार दोहरे ने कहा कि भाजपा को इस तरह की हरकतों से बाज आना चाहिए, अन्यथा समाजवादी कार्यकर्ता भी सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं को लेकर जवाब मांगेंगे। घटना के बाद जिले में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।







