सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“आलोचना से नहीं कर्म से आएगी क्रांति, मिटाओ तिमिर तो आएगा उजाला”
— सुश्री सरोज कंसारी
सिस्टम कोसना आसान है, खुद को बदलना ही क्रांति है!
===================================
घर में जो खुशहाली का सुंदर दीपक जलाते हैं,
उसकी पावन आभा से फिर आस-पड़ोस जगमगाते हैं।
दुनिया बदलेगी इस आस में तुम कभी न रुकना जीवन में,
बनकर खुद ही एक दीपक, हम तिमिर मिटाते जाते हैं।
असली समझदारी इसी में है कि हम खुद अच्छे बने रहें और नेक राह पर चलें। जैसे एक छोटा सा दीपक अपने आसपास का अंधेरा दूर कर देता है, वैसे ही हमारी अच्छाई और सकारात्मक सोच समाज से बुराई को मिटा सकती है। मनुष्य जीवन के कई क्षेत्र होते हैं—सामाजिक, राजनीतिक, पारिवारिक, आर्थिक और धार्मिक। इन सभी स्तरों पर हम समय-समय पर अनेक कार्यों में सहभागी होते हैं। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर बदलाव होते रहते हैं। जहाँ कमी होती है, वहीं सुधार का काम भी होता है। परिवर्तन के इस चक्र से कोई अछूता नहीं रहता।
बचपन से बुढ़ापे तक हम बहुत कुछ देखते और महसूस करते हैं। जीवन के कुछ पल बेहद हसीन होते हैं, तो कुछ कड़वाहट से भरे। बस अधूरी ख्वाहिशें लिए हम जीवन की अनवरत यात्रा करते रहते हैं। अंत कब, कैसे और कहाँ होगा—यह कोई नहीं जानता। पर शुरुआत हमेशा उत्साह और उम्मीदों से भरी होती है। जीवन में कुछ रोमांचक मोड़ भी आते हैं। इस संसार की अजनबी भीड़ में कुछ लोग अपने-से लगने लगते हैं, जिनसे हम दिल से भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं। साथ रहते हैं, हँसते-मुस्कुराते हैं, विचारों को साझा करते हैं, और जीवन की हर कठिनाई सहजता से पार कर लेते हैं। हर लम्हा खुशियों से भरा लगता है और मन कहता है—काश, जीवन ऐसे ही बीत जाए, एक-दूसरे को निभाते हुए, यह साथ कभी न छूटे। लेकिन वक्त और भाग्य के खेल में अचानक ऐसा दौर भी आता है जब प्रियजन बिछड़ जाते हैं। दिल टूटता है, ठोकरें मिलती हैं। ज़ख्मी होकर भी जीवन जीने को मजबूर हो जाते हैं। तब समझ आता है कि जीवन में सब कुछ हमारे वश में नहीं है, और न ही कुछ स्थिर है।
इसलिए हमें इस पल को बिना किसी चिंता और दबाव के जीना चाहिए। लगातार कोशिश करते रहना चाहिए जीवन को सफल बनाने की। जीवन को इतना श्रेष्ठ बनाकर रखना चाहिए कि हमारे किसी भी कार्य से हमें आत्मग्लानि न हो। आत्मा हमें धिक्कारे नहीं, खुद की नज़र में न गिरें, किसी की बद्दुआ न लें। बस अपने हिस्से का कर्म पूरी सावधानी से कीजिए। कोई भी समस्या सदा एक जगह नहीं ठहरती—समय के साथ उसका समाधान भी निकल आता है। अपनी ज़रूरत और परिस्थिति के अनुसार हम जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में रहकर अपने स्तर पर योगदान देते हैं। बिना सहयोग, समझदारी और सामंजस्य के कोई कार्य पूर्ण नहीं होता। मनुष्य अपने आप में पूर्ण नहीं है—एक-दूसरे के बिना हम सभी अधूरे हैं।
अक्सर देखने में आता है कि किसी सार्वजनिक या निजी व्यवस्था, आयोजन या उत्सव में पूरी ज़िम्मेदारी से काम करने के बाद भी कुछ कमी रह जाती है। यह स्वाभाविक है—इंसान करते-करते थक जाता है या व्यस्तता में कुछ भूल भी हो जाती है। पर कुछ लोगों की आदत होती है कि जरा-सी कमी पर बात बढ़ा देते हैं, करने वालों को गलत ठहराने के लिए अनावश्यक टीका-टिप्पणी, बहस-विवाद और आलोचना करते हैं।
किसी कमी को हम मिलकर सुधार सकते हैं। बिना शोर मचाए वहाँ सहयोग दे सकते हैं, खुद भी कर सकते हैं। अपना निस्वार्थ योगदान दे सकते हैं। पर अहम के कारण हम झुकना नहीं चाहते और सोचते हैं कि लोग हमें महत्व दें, हमारी सलाह मानें। ऐसे में किसी भी कार्य में बाधा उत्पन्न होती है। कहने की बजाय करने में ही महानता है—यह बात सभी पर लागू होती है। पद-प्रतिष्ठा, दौलत-शोहरत अपनी जगह हैं। सबसे पहले हम इंसान हैं, और इंसानियत निभाना हमारा फ़र्ज़ है। इंसानियत निभाइए, बाकी सब ठीक हो जाएगा। आज लोगों को आपके मीठे बोल, प्रेम, सहयोग और साथ की ज़रूरत है। जो कुछ अच्छा करने आगे आ रहे हैं, हो सके तो उन्हें हौसला दीजिए, पर छल से उन्हें हराने की कोशिश मत कीजिए।
जो हर समय दूसरों को गलत ठहराते हैं, जरा-सी अव्यवस्था भी सहन नहीं कर पाते, और सिर्फ शिकायत लेकर बैठे रहते हैं—समाधान का हिस्सा नहीं बनते—वे अक्सर वहीं के वहीं रह जाते हैं। क्योंकि खुद की गलती अनदेखा कर वे दूसरों को सिखाने में लगे रहते हैं। ऐसे लोग हमेशा तनाव में रहते हैं। वहीं जो निर्भीक होकर अपने कर्म करते हैं, जो सक्रिय होकर अपना समय, श्रम और सेवा देते हैं, वे एक दिन बेहतर परिणाम पाते हैं। खुद की गलती स्वीकार कर उसे सुधारने से जीवन में नई क्रांति आती है। सोच में सकारात्मक बदलाव से मन शांत और सहज होता है।
जीवन के हर क्षेत्र में अव्यवस्था और कमी है, और उसके लिए विचार-क्रांति की जरूरत है। संगठित होकर ही हम हर क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। क्रोध, ईर्ष्या, बैर, नफ़रत और तुलना को मन से निकालिए। सद्भाव से ही हम हर तरह की बुराइयों को मिटा सकते हैं।…आज समाज को सुधारने से ज़्यादा जरूरी है कि हम खुद को हर बुराई से दूर रखें। अपना हृदय साफ़ और निर्मल रखना चाहिए, क्योंकि हमारे निर्मल हृदय से ही दूसरों के हृदय भी अवश्य स्वच्छ होंगे। जब हम प्रेम, करुणा और सच्चाई से जीते हैं, तो हमारा व्यवहार ही सबसे बड़ी सीख बन जाता है। इंसानियत के लिए हमें सदा आगे रहना चाहिए, बिना किसी स्वार्थ के, बिना किसी भेद के। एक-एक व्यक्ति के बदलने से ही समाज की दिशा बदलती है।
====================================







