ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
माल रोड में डामरीकरण न होने पर कांग्रेस का आक्रोश, एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू न होने पर अधीक्षण अभियंता के घेराव की दी चेतावनी।
अल्मोड़ाः महानगर अध्यक्ष ने कहा भाजपा नेताओं एवं विभाग ने दो माह पूर्व हॉटमिक्स के टेंडर होने की पुष्टि की थी। नगर की प्रमुख और व्यस्ततम सड़कों में शामिल माल रोड की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र ने कहा कि भाजपा नेताओं और विभागीय अधिकारी के द्वारा दो माह पूर्व सार्वजनिक रूप से माल रोड में काम के लिए टेंडर किए जाने तथा तीन दिन में कार्य प्रारंभ होने पुष्टि की थी। उन्होंने कहा कि पन्द्रह दिन पहले माल रोड में सभी कलवर्ट का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़क के डामरीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन लोक निर्माण विभाग द्वारा अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर माल रोड में हॉट मिक्स के माध्यम से डामरीकरण नहीं किया गया तो लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि माल रोड नगर की पहचान होने के साथ साथ हजारों लोगों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। सड़क की हालत लगातार खराब होते जा रही है, जिससे वाहन चालकों को तथा पैदल चलने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है जगह-जगह बने गड्ढों और उखड़ी सड़कों के कारण दुर्घटना का खतरा भी बढ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पार्टी द्वारा लगभग एक माह पूर्व जेल रोड में धरना प्रदर्शन भी किया था,उस दौरान विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर माल रोड में शीघ्र डामरीकरण करने की मांग उठाई थी। अधिकारियों ने जल्द काम शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक धरातल पर कोई कार्य दिखाई नहीं दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, यदि समय रहते डामरीकरण नहीं हुआ तो स्थिति और ज्यादा गंभीर हो जाएगी।
पार्टी ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जनहित को देखते हुए तत्काल डामरीकरण कार्य शुरू करने की मांग की है।







