ब्यूरो गोंडा (उ. प्र.): सियाराम पाण्डेय
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
बकरी चराने गई 13 वर्षीय लड़की का पेड़ से लटकता मिला शव, इलाके में सनसनी।
थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम को एक दर्दनाक घटना सामने आई। नगवा गांव की रहने वाली 13 वर्षीय आलिया पुत्री रहमान का शव बाल्हाराई गांव के पास बकैदां के पेड़ से लटका मिला। आलिया सोमवार दोपहर अपने गांव की अन्य लड़कियों के साथ बकरी चराने के लिए घर से निकली थी।
प्रत्यक्षदर्शी लड़कियों के मुताबिक, सभी बच्चे बाल्हाराई गांव के बाहर खेतों के पास बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान कुछ देर बाद आलिया उन्हें आसपास नहीं दिखी। तलाश करने पर उसका शव खेत के किनारे लगे बकैदां के पेड़ से लटका मिला। यह देखकर साथ गई लड़कियां बुरी तरह डर गईं और चीखते-चिल्लाते गांव की ओर भागीं। उन्होंने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों व ग्रामीणों को दी।
सूचना मिलते ही नगवा व बाल्हाराई गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। खबर पाकर क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह, थानाध्यक्ष तरबगंज विपुल कुमार पाण्डेय और चौकी प्रभारी अंकित उपाध्याय तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान स्वामी नाथ सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष विपुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है, यह पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
मृतका के पिता रहमान का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक आलिया घर का कामकाज में हाथ बंटाती थी और रोज की तरह बकरी चराने गई थी। गांव में एक साथ इतनी पुलिस और अधिकारियों के पहुंचने से दहशत का माहौल है।







