राजेंद्र रंजन गायकवाड़
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
पिता का संघर्ष
(फादर्स डे स्पेशल कहानी)
गाँव के एक छोटे-से झोपड़ी वाले घर में देबू का जन्म हुआ था। निर्धन परिवार पिता मजदूरी करते, माता चूल्हे पर साँसें जलाती। फिर भी देबू की आँखों में सपने थे बड़ा आदमी बनने के स्कूल की किताबों में वो दुनिया देखता, जहाँ लोग अपनी मेहनत से कुछ बन जाते हैं। लेकिन जैसे-जैसे छोटे भाई-बहन बड़े होते गए, देबू के सपने टूटने लगे।
“बेटा, तेरे भाई का पढ़ाई का खर्च…”
“बेटा, बहन की शादी…”
माता-पिता की चाहत के आगे देबू ने अपना करियर, अपनी पढ़ाई, अपना भविष्य सब कुर्बान कर दिया। नौकरी की तलाश में शहर गया, लेकिन परिवार की जिम्मेदारी उसे वापस खींच लाती आखिरकार एक छोटी नौकरी कर शादी कर ली।
जब उसके अपने बच्चे स्कूल जाने लगे, तब असली मुसीबत शुरू हुई। फीस, किताबें, यूनिफॉर्म सब कुछ कर्ज लेकर पूरा करता। हर महीने ब्याज बढ़ता जाता, देबू का सिर सबके सामने झुकता जाता। एक शाम, जब बच्चे की फीस जमा करने बैंक गया और मैनेजर ने कहा, और लोन नहीं मिलेगा, उसी रात उसके सीने में तेज दर्द हुआ। माइनर हार्ट अटैक आने से दयालु रिश्तेदार ने तुरंत अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टर बोले, “समय रहते आ गए, वरना…”
बिस्तर पर लेटे-लेटे देबू ने आँखें बंद कीं और संकल्प लिया अब बस!
अगले दिन से वो एक कारखाने में मजदूरी करने लगा। सुबह चार बजे उठकर काम, रात दस बजे घर आता पसीना, थकान, धूल सब सहा। धीरे-धीरे सारा कर्ज चुकाया। भाई-बहनों की शादियाँ हो चुकी थीं, माता-पिता को आराम मिल गया था बच्चे स्कूल में अच्छे नंबर ला रहे थे। लोग कहते, “देबू ने तो साबित कर दिया अच्छा बेटा, अच्छा पिता भी है।
लेकिन कोई नहीं देख पाया कि अंदर क्या चल रहा था। सारी जिंदगी का तनाव, अवसाद, कुर्बानियाँ वो सब उसे चैन से सोने नहीं देता था। रातों को नींद नहीं आती तो वो चुपके से शराब की बोतल निकाल लेता।
“बस आज थोड़ी…” कहकर शुरू किया, फिर आदत बन गई। परिवार को लगा शायद थकान है कोई उसकी मनःस्थिति नहीं समझा। मजबूरियाँ, सपनों का मरना, लगातार दौड़ते रहना ये सब अकेले ही झेलता रहा।
एक शाम, कारखाने से लौटते वक्त फिर सीने में वही तेज दर्द उठा इस बार मेजर हार्ट अटैक आने से अस्पताल ले जाते-ले जाते रास्ते में ही उसकी साँसें थम गईं।
देबू चला गया।
अब फादर्स डे है उसके बच्चे फूलों का गुच्छा पिता की तस्वीर पर चढ़ा रहें हैं। सबसे छोटा बेटा बोला -पापा, आपने कभी कुछ माँगा नहीं हमसे, हमारी हर जरूरत पूरी की, लेकिन खुद का सपना कभी नहीं जी पाए।”
तस्वीर के नीचे लिखा था
“देबू एक मजदूर बेटा, एक मजबूर पिता, जो सबके लिए सब किया पर खुद को भूल गया”।
कहानी की शिक्षा है कि “फादर्स डे” सिर्फ उन पिताओं को नहीं मनाना चाहिए जो सफल हैं, अमीर हैं, या मशहूर हैं। इसे उन अनगिनत देबूओं के लिए भी मनाना चाहिए जो चुपचाप कुर्बान होते हैं, कर्ज का बोझ उठाते हैं, सपने दबा देते हैं, और आखिर तक परिवार के लिए जीते हैं?
सच्चा पिता वो नहीं जो सब कुछ दे देता है, बल्कि वो है जो अपना सब कुछ लुटा देता है।
देबू जैसे पिताओं को प्रणाम।
Happy Father’s Day
यह कहानी उन लाखों पिताओं को समर्पित है जो अपनी पीढ़ी का सपना अपने बच्चों की पीढ़ी में जीने की कोशिश करते हैं।







