सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
ऊँचा मानसिक स्तर ही सुखी जीवन को दर्शाता है
-सुश्री सरोज कंसारी
“शांत मन से ही हर उलझन सुलझती है। “
===============================
”बात-बात पर लड़ना छोड़ो,
शांत रहना आना चाहिए।
मुश्किलें कितनी भी हों जीवन में,
हमें घबराना नहीं चाहिए।”
हमें हमेशा मानसिक स्तर ऊँचा रखने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए मन में शांति और समझदारी जरूरी है। हर बात पर परेशान होना व्यर्थ है। गुस्सा आए तो खुद को शांत कर लें। गुस्सा चेतना का स्तर गिराता है। इसलिए लड़ने के बजाय शांतिपूर्वक समाधान निकालें।
हर इंसान के भीतर सपनों का संसार होता है। जब हम दिखावे और जकड़ी धारणाओं से ऊपर उठते हैं, तो आपसी नेह का खुला आसमान मिलता है। यहाँ केवल मानवीय संवेदनाएँ बोलती हैं। मन में न मैल पनपता है, न बैर बचता है। भावनाओं से बुने इस अहसास में डूबकर उदास जिंदगी भी खुशियों से भीग उठती है। ख्वाहिशें सफर पर निकलती हैं, मंजिल दिखने लगती है। हर पल जीने की ललक रहती है।
विश्वास की डोर दिल से बँधे तो टूटती नहीं। वही हिम्मत बनती है, मुश्किल से लड़ने का हौसला देती है। फुर्सत के पल दौलत के मोहताज नहीं होते। कल्पनाओं की उड़ान अनंत है। ख्वाहिश पूरी हो या न हो, उम्मीद की लहरें उठती रहती हैं। भौतिक सुख पलभर का है, पर आंतरिक शांति की प्यास हर दिल में है। सच्ची खुशी रूप-रंग या शोहरत से नहीं आती। सादगी, सरलता, अपनापन और स्नेह मन को सुकून देते हैं।
कल्पनाओं का संसार न होता तो ज़िंदगी सूनी लगती। हकीकत कभी चुभती है। हर राह मंजिल तक नहीं पहुँचती। इच्छाएँ पूरी तरह तृप्त नहीं होतीं। फिर भी मुस्कुराने की लगन बनी रहती है। उदासी के बीच भी चंद लम्हे उत्साह भर देते हैं।
कुछ सहृदय लोग दुनिया के चुने हुए गुलाब होते हैं। वे करुणा, ममता और प्रेम से दिल छू जाते हैं। गम में मुरझाने नहीं देते, तन्हाई में रोने नहीं देते, असफलता में बिखरने नहीं देते। उनके सानिध्य में थका मन सुकून पा लेता है।
सब कुछ होते हुए भी कई बार हम बेचैन हो जाते हैं। जरूरत से ज्यादा दौलत, पद, शोहरत हमें उलझा देती है। ध्यान उसी में अटक जाता है। हम उनसे दूर हो जाते हैं जो दिल के करीब हैं। लगातार अपनों की उपेक्षा से अपनेपन का भाव छूटने लगता है। जिंदगी को जीवंत रखने के लिए चाहिए: सच्चा स्नेह, आत्मीय संवाद और फुर्सत के दो पल। जो दिल से जुड़े हैं, वे बिना कहे समझ आते हैं। उनके सुख-दुख हमें छूते हैं।
निभाने की चाह और सम्मान का भाव हो तो बदलते वक्त में भी जुड़ाव नहीं टूटता। सच्चा बंधन हर हाल में सहारा बने, यही है।
आधुनिक चकाचौंध में हम भटक जाते हैं। दिखावे की भीड़ में जरूरी को भूल जाते हैं। तभी परिवार में एकता कम लगती है। पर समाधान हमारे पास है। इस नाजुक दिल को बंजर न होने दें। हर जुड़ाव पर प्रेम का मरहम लगाते रहें। उपेक्षा नहीं, अपनापन दें।
आज कई घरों में सक्षम रहते व्यक्ति परिवार के लिए जी-जान लगाता है। पर अशक्त होने पर उसे बोझ समझ लिया जाता है। यह पीड़ादायक है। समय एक-सा नहीं रहता। इसलिए जो हैं, जैसे हैं, अपने हैं, उन्हें सम्मान दें।
कोशिश करें कि हमारे व्यवहार से कोई आहत न हो। लाभ-हानि से ऊपर उठकर मानव-धर्म निभाएँ। अपनों के जाने के बाद रोने से क्या? जीते जी प्रेम दें, कटु बोल से बचें। कल की चिंता में आज न खोएँ। मन, वचन, कर्म से सहयोग करें।
इस मशीन युग में अपेक्षा कम रखें, मेहनत खूब करें। दिन-महीने-साल गुजर जाएँगे, याद रहेगा आपका व्यवहार। सबकी परिस्थिति अलग है। कोई बुरा नहीं, समझना पड़ता है। समझौता ही जीवन है। ज्यादा पाकर घमंड न करें। दया और करुणा बाँटें। बदले का भाव न रखें।
याद रखें: मानसिक स्तर ऊँचा रखें। मन में शांति और समझदारी हो तो हर बात का हल निकल आता है। गुस्सा चेतना को गिराता है, शांति उसे उठाती है। इसलिए लड़ें नहीं, समझें। उलझें नहीं, सुलझाएँ। यही ऊँचे मन की पहचान है, और यही सुखी जीवन में आवश्यक।







