मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
युवाओं की आवाज को दबाना लोकतंत्र की हत्या, जेल की सलाखें हमारा हौसला नहीं तोड़ सकतीं। गोपाल भट्ट
अल्मोड़ा: युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने आज यहां प्रेस वार्ता में धामी सरकार और अल्मोड़ा जिला प्रशासन की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन द्वारा युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का जिस प्रकार से गला घोंटा जा रहा है, वह बेहद निंदनीय और शर्मनाक है।
गोपाल भट्ट ने कहा कि कल मुख्यमंत्री के दन्या आगमन के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 48 घंटे तक रानीखेत जेल में हिरासत में रखकर प्रशासन ने यह साबित कर दिया है कि सरकार युवाओं के तीखे सवालों से बुरी तरह डरी हुई है। उत्तराखंड के इतिहास में शायद यह पहली बार हुआ है कि युवाओं की आवाज़ दबाने के लिए उन्हें इतनी लंबी अवधि तक प्रताड़ित किया गया। यह महज गिरफ्तारी नहीं, बल्कि लोकतंत्र की हत्या का सीधा प्रयास था। लेकिन सरकार यह याद रखे कि जेल की सलाखें युवाओं के बुलंद हौसलों को कैद नहीं कर सकतीं।
उग्र जनआंदोलन की चेतावनी
सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि युवाओं की आवाज़ को इसी तरह कुचलने का प्रयास किया गया, तो युवा कांग्रेस पूरे प्रदेशभर में उग्र जनआंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि धामी सरकार पेपर लीक, भर्ती घोटालों, बढ़ती बेरोजगारी, बेलगाम भ्रष्टाचार और महिला अपराधों जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जवाब देने से भाग रही है, लेकिन उसे जनता के बीच आकर इन सवालों का जवाब देना ही होगा।
दमन से और तेज होगा संघर्ष
भट्ट ने कहा, “सरकार जितना दमन करेगी, युवा कांग्रेस का संघर्ष उतना ही तेज होगा। गिरफ्तारियां, लाठियां और जेल अब युवाओं को डराने के हथियार नहीं रह गए हैं। उत्तराखंड का युवा अब जाग चुका है और अपने अधिकार, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक लड़कर रहेगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं का यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं है, बल्कि सरकार की उन नीतियों से है जो युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही हैं। अगर युवा सत्ता में बैठे लोगों से अपने हक़ के सवाल नहीं पूछेंगे, तो किससे पूछेंगे? सरकार और जिला प्रशासन युवाओं की आवाज़ को दबाना चाहते हैं, जिसे युवा कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
गिरफ्तार किए गए युवा कांग्रेस नेता:
गोपाल भट्ट (युवा कांग्रेस नेता)
विक्रम सिंह फर्त्याल (जिलाध्यक्ष, युवा कांग्रेस अल्मोड़ा)
राजकमल (ब्लॉक अध्यक्ष)
गौरव सतवाल (पूर्व संयुक्त सचिव, छात्रसंघ)
प्रेस विज्ञप्ति जारी करने के दौरान उपस्थित पदाधिकारी:
इस दौरान युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट, जिलाध्यक्ष (अल्मोड़ा) विक्रम सिंह फर्त्याल, पूर्व संयुक्त सचिव (छात्रसंघ) गौरव सतवाल, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, प्रदेश महासचिव (युवा कांग्रेस) कमलेश बिष्ट, किरन आर्या प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस प्रदीप बिष्टसमेत कई अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








