डरने लगे हैं आजकल माँ-बाप भी कुछ कहने से, नई नस्ल है पंखे से लटक जाती है।

Spread the love

 

सुश्री सरोज कंसारी

लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका, 

अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,

 नवापारा-राजिम, रायपुर, छ.ग.।

 

 

               (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

 

 

आलेख

 

डरने लगे हैं आजकल माँ-बाप भी कुछ कहने से, नई नस्ल है पंखे से लटक जाती है।

                     _सुश्री सरोज कंसारी 

 

जरा सी बात पर मौत को गले लगाने वाले बच्चे अपना महत्व समझें। संयम और साहस से काम लें।

 

—————————————————-

 

युवाओं रे! परेशानियों से लड़ना सीख,

उठ, संभल, और साबित कर कि

तू बोझ नहीं, इस देश की भुजाओं का बल है,

मत दे अपनी जान, यहाँ हर समस्या का हल है।

 

एक तरफ हमारा भारत दुनिया का सबसे युवा देश कहलाता है, दूसरी तरफ हर दूसरा माता-पिता अपने ही युवा बच्चे से खौफ खाता है। यह कैसा विकास है जहाँ रिश्ते ही असुरक्षित हो गए? डरने लगे हैं आजकल माता-पिता भी कुछ कहने से, नई नस्ल है पंखे से लटक जाती है। हर माता-पिता की ख्वाहिश होती है कि उनके बच्चों को दुनिया की हर खुशी मिले। इसके लिए वे जी-तोड़ मेहनत करते हैं। अपनी जवानी खपा देते हैं। अपने शौक मारकर बच्चों के लिए दौलत जोड़ते हैं, इस आस में कि बुढ़ापे में बच्चे सहारा बनेंगे। लेकिन सारे सपने तब चूर हो जाते हैं जब युवा अवस्था में सहारा बनने के बजाय वही बच्चा नशा, चोरी, डकैती, लूट या किसी बुरे काम में लिप्त हो जाता है। नशे में धुत होकर घर में लड़ाई-झगड़े करने लगता है।

 

आज के युवा बेहद शौकीन हैं। घर की आर्थिक स्थिति कैसी भी हो, जिद करके मोबाइल और गाड़ी अवश्य ले लेते हैं। बड़े-बड़े शौक पालते हैं। भले ही कोई काम न करें, पर दिखावे की जिंदगी में मस्त हैं। युवा शक्ति का स्रोत होते हैं। अपनी मेहनत, लगन और जोश से हर मुश्किल पार कर सकते हैं। परिवार, समाज और राष्ट्र को युवाओं से सबसे ज्यादा उम्मीद होती है। पर आज का युवा मन कल्पनाओं में भटकता रहता है। ज्यादा सुविधा और आधुनिक जीवनशैली के कारण मेहनत से कतराता है। सुख-सुविधा में पले बच्चों में सहनशक्ति नहीं बची। न ही वे मेहनत को तैयार हैं। उन्हें हर चीज में दिखावा चाहिए।

 

आज के युवा बेरोजगार घूमना पसंद करते हैं, लेकिन रिक्शा चलाने, ठेला लगाने या होटल-दुकान में काम करने में शर्म महसूस करते हैं। अपने शौक पूरे करने के लिए जल्दी गलत संगत में पड़ जाते हैं। घर में कोई कुछ कहे तो मरने-मारने की धमकी देने लगते हैं। यह चिंताजनक है। युवा के भटकाव से ज्यादातर परिवारों में टकराव और कलह की स्थिति है। वे कुछ सुनना पसंद नहीं करते। अपनी मर्जी से स्वतंत्र जीवन जीना चाहते हैं। जिम्मेदारी से कोसों दूर हैं। आज हर घर में एक अजीब सन्नाटा है। लगता है जैसे घर में कोई है ही नहीं। अंदर जाने पर पता चलता है कि एक ही छत के नीचे सबकी अलग दुनिया है। कोई फेसबुक पर, कोई व्हाट्सएप पर, तो कोई गेम खेलने में मस्त है। आसपास, समाज या देश में क्या हो रहा है, किसी को मतलब नहीं। आज के बच्चे खिलौने से नहीं, सीधे मोबाइल से खेलते हैं। किसी भी चीज की लत बुरी होती है। एक बार लग जाए तो जिंदगी बर्बाद कर देती है। अपने बुरे कर्मों की सजा परिवार को भी भुगतनी पड़ती है।

 

पहले बच्चे घर के बड़ों की निगरानी में रहते थे। माता-पिता उनकी हर गतिविधि पर नजर रखते थे। गलती करने पर डाँटते और सजा भी देते थे। इससे बच्चे दोबारा गलती करने से डरते थे। घर के संस्कारों का अच्छा प्रभाव पड़ता था। बच्चे घर के काम में सहयोग करते थे। बुजुर्गों के पास बैठकर कहानी सुनते, खेलते थे। पूरा परिवार साथ बैठता, विचार करता और समस्याओं का समाधान निकालता था। कोई परेशानी होती तो आपस में चर्चा होती थी। बच्चे अकेले नहीं होते थे, इसलिए हर बुराई से बचे रहते थे। बड़े होने पर उन्हें जिम्मेदारी का बोध कराया जाता था। इससे वे आज्ञाकारी बनते थे। उनकी हर शौक पूरी नहीं होती थी। वे मेहनत से जीवन जीने के गुण परिवार से सीखते थे। बड़ों के सामने मर्यादित रहते थे। गलती करने से डरते थे और संस्कारों से जीवन जीते थे। आज व्यस्त जिंदगी में किसी के पास युवाओं को दिशा देने का समय नहीं है। माता-पिता हर शौक पहले ही पूरा कर देते हैं। गाड़ी, मोबाइल, धन-दौलत बिना मांगे मिल जाता है। इससे बच्चे मेहनत से कतराते हैं और सुविधाओं का दुरुपयोग करते हैं। वही बच्चे बाद में माता-पिता का सम्मान नहीं करते। समझाने पर बहस करते हैं। तकनीकी युग में किसी के पास फुर्सत नहीं कि युवा किस दिशा में जा रहे हैं। मोबाइल में मस्त होकर वे दुनिया से कटे हैं। हर सुविधा मिलने के कारण उन्हें माता-पिता के दर्द का एहसास नहीं होता। इसलिए जरूरी है कि बचपन से बच्चों को संस्कार दें। उनकी हर गतिविधि पर ध्यान रखें। उन्हें धर्म और आध्यात्म से जोड़ें। उनके साथ समय बिताएं। अभाव में जीने का हुनर सिखाएं। उनकी हर जिद पूरी न करें। पढ़ाई के साथ उनमें आत्मनिर्भरता के गुण विकसित करें।

 

युवा मन बहुत उत्तेजित होता है। उसे सही दिशा और मार्गदर्शन की जरूरत होती है। भले ही आप सुविधा न दें, पर उसे सेवाभावी और संस्कारी बनने में मदद करें। प्यार दें, लेकिन गलती पर समय-समय पर डाँट भी लगाएं। उसके मन में क्या चल रहा है, यह जानने का प्रयास जरूर करें। समय तेजी से बदल रहा है। यह राम, कृष्ण, गौतम, गाँधी, तिलक, टैगोर जैसे वीर पुरुषों की भूमि है। लेकिन आधुनिकता और पश्चिमी जीवनशैली के कारण बच्चे संस्कारहीन और अव्यावहारिक हो गए हैं। उनमें देशभक्ति, समर्पण और त्याग के भाव जगाने की जरूरत है। एक आदर्श बालक का निर्माण करके आप जागरूक माता-पिता होने का सौभाग्य पा सकते हैं।

 

घर के वातावरण का बच्चों पर गहरा प्रभाव पड़ता है। इसलिए घर में आपसी कलह, द्वेष और झगड़े को जगह न दें। आप अपने युवा बच्चे से जैसी अपेक्षा करते हैं, वैसा ही वातावरण बनाएं। समय का महत्व समझाएं। सोने, उठने, खेलने, पूजन, स्नान-ध्यान और भोजन का एक निश्चित समय हो। व्यवहार में मधुर वाणी का प्रयोग करें। रिश्तों का महत्व बताएं। बचपन से संस्कारक्षम वातावरण दें। युवा बच्चे से मित्र जैसा व्यवहार करें। उनके दिल की बात सुनें, समझें। दुनिया की सही-गलत बातों से उन्हें अवगत कराएं। उनकी संगत और रुचि पर ध्यान दें। पहले उन्हें अभाव में जीने की कला सिखाएं। हर शौक पूरा करने की बजाय आत्मनिर्भर बनाएं। परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्य बताएं। उन्हें कमजोर नहीं, सहनशील बनाएं। इतने व्यस्त न हो जाएं कि आपका युवा बच्चा हाथ से निकल जाए। एक बार भटकने के बाद उसे सुधारना बहुत मुश्किल होता है। अपने शौक पूरे करने के लिए युवा किसी भी हद तक चले जाते हैं। माता-पिता की प्रतिष्ठा तक दाँव पर लगा देते हैं। कर्ज में डूबकर मानसिक संतुलन खो बैठते हैं। सबसे सौभाग्यशाली वे माता-पिता हैं जिनके बच्चे आज के दौर में संस्कारी, आज्ञाकारी और सेवाभावी हैं। यही सबसे बड़ी दौलत है। अगर आप अपने युवा बच्चे को सही शिक्षा देने में सफल हैं, तो दुनिया की सारी खुशियाँ आपकी झोली में हैं। आप बेवजह के तनाव से दूर हैं।

 

हर माता-पिता कोशिश करें कि महंगी सुविधाएं देने की बजाय जिम्मेदारी दें। लाड़-प्यार में इतना न बिगाड़ें कि वह आगे चलकर अपने साथ पूरे समाज के लिए घातक हो जाए। डरने लगे हैं आजकल माँ-बाप भी कुछ कहने से, नई नस्ल है पंखे से लटक जाती है। आज के बच्चे गलत काम करके भी अफसोस नहीं करते। न ही शर्मिंदगी महसूस करते हैं। उनमें धैर्य बिल्कुल नहीं है। बिना प्रयास के सबकुछ पाना चाहते हैं। उनके जीवन का उद्देश्य केवल मौज-मस्ती होता है। किसी के त्याग और तपस्या का कोई मोल नहीं। जरा सी बात पर क्रोधित हो जाते हैं। मनपसंद चीज न मिलने पर निराशा में डूब जाते हैं। बच्चे माता-पिता से नहीं, आज माँ-बाप बच्चों से डरते हैं। कहीं कुछ कह दें, डाँट दें तो बच्चा कोई गलत कदम न उठा ले। ऐसे युवा जो परिवार के किसी कार्य में सहयोगी नहीं हैं, भोग-विलास और दिखावे में डूबे रहते हैं, कर्तव्य नहीं निभाते, वे बोझ बन जाते हैं। जरा सी बात पर मौत को गले लगाने वाले बच्चे अपना महत्व समझें। संयम और साहस से काम लें। ये जिंदगी खिलौना नहीं, एक उपहार, सुन्दर यात्रा है। प्रत्येक चुनौती का सामना करें और सही राह पर चलकर जीवन सफल बनाने का प्रयास करें।

 

बच्चे को गिरने न दें, संभलना सिखाइए। अभाव दिखाइए, परिश्रम का स्वाद चखाइए। क्योंकि जो पेड़ आँधियों में तपता है, वही मजबूत होता है। थोड़ी सी सख्ती कल उसे लड़ने की शक्ति देगी। याद रखिएगा कि…बिगड़ा हुआ बच्चा केवल एक परिवार नहीं, पूरे समाज का नुकसान होता है। और सुधरा हुआ युवा केवल घर का चिराग नहीं, देश के लिए आवश्यक है। फैसला आपके हाथ में है – आज सुविधा देंगे या संस्कार।

 

 

  • Related Posts

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    Spread the love

    Spread the love  सुश्री सरोज कंसारी                                              लेखिका एवं…

    नज्म

    Spread the love

    Spread the love    राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                               (सेवा…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 9 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 14 views
    कर्मफल  (भाग 25)

    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 10 views
    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 7 views
    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि