संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
गंगा दशहरा पर मेहंदी घाट की सुरक्षा व्यवस्था का डीएम व एसपी ने लिया जायजा।
कन्नौजः द्वितीय ज्येष्ठ मास गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं के स्नान को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मेहंदी घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, गोताखोरों और जल पुलिस की तैनाती सहित विभिन्न सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
डीएम और एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने, लगातार भ्रमणशील रहने तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा गंगा दशहरा पर्व को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। घाट क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग और सावधानी बरतने की अपील की है।







