संजय सोंधी
(संयुक्त निदेशक)
शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
निर्जला एकादशी: भक्ति और तप का महान पर्व
सनातन धर्म में एकादशी के व्रत का बड़ा महत्व है। इनमें ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की निर्जला एकादशी को सबसे कठिन और फलदायी माना जाता है। वर्ष 2026 में यह पावन तिथि 25 जून गुरुवार को आ रही है। इस व्रत में अन्न के साथ जल का भी पूरा त्याग करना पड़ता है, इसलिए इसे निर्जला कहते हैं। शास्त्रों के अनुसार इसे एक बार सही विधि से रखने पर पूरे वर्ष की सभी एकादशियों का पुण्य मिल जाता है।
इस व्रत की कथा महाभारत काल से जुड़ी है। पांडव भाई और द्रौपदी सभी एकादशी का व्रत रखते थे। लेकिन भीमसेन की भूख बहुत तेज थी। वे भूख नहीं सह पाते थे। उन्होंने महर्षि वेदव्यास से सलाह मांगी। व्यास जी ने कहा कि ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी को बिना अन्न-जल के व्रत रखो। इससे तुम्हें साल भर की सभी एकादशियों का पुण्य प्राप्त होगा और मोक्ष का मार्ग भी खुलेगा। भीमसेन ने यह कठिन व्रत निष्ठा से किया। इसलिए इस एकादशी को भीमसेनी एकादशी या पांडव एकादशी भी कहते हैं।
निर्जला एकादशी पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। व्रत की तैयारी दशमी तिथि से ही शुरू हो जाती है। एकादशी के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें। स्वच्छ कपड़े पहनें। भगवान के सामने जल लेकर निर्जल व्रत का संकल्प लें। पीले फूल, फल, चंदन, धूप-दीप और अक्षत से पूजा करें। ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप और विष्णु सहस्रनाम का पाठ विशेष फलदायी है। पूरे दिन बिना पानी की एक बूंद भी ग्रहण न करें।
दूसरे दिन यानी 26 जून शुक्रवार को द्वादशी तिथि में सूर्योदय के बाद पारण करें। पूजा-अर्चना और जरूरतमंदों को दान देकर व्रत खोलें। गर्मी के मौसम में यह व्रत शरीर और मन दोनों को तपाता है। यह इंद्रियों पर नियंत्रण, श्रद्धा और समर्पण सिखाता है।
इस व्रत का सांस्कृतिक महत्व भी गहरा है। ज्येष्ठ की चिलचिलाती गर्मी में लोग राहगीरों को ठंडा पानी, शरबत, छाता, मिट्टी के घड़े, खरबूजा और सत्तू जैसे शीतल पदार्थ दान करते हैं। इससे सेवा और परोपकार की भावना बढ़ती है। समाज में समरसता और दया का संदेश मिलता है।
निर्जला एकादशी केवल उपवास नहीं है। यह आत्मशुद्धि, पाप नाश और मोक्ष का मार्ग है। जो भक्त पूर्ण निष्ठा से इसे रखते हैं, उन्हें सुख, यश और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है। शास्त्र कहते हैं कि इस व्रत से हजारों यज्ञों का फल मिलता है।
आज के व्यस्त जीवन में भी लोग इस पर्व को मनाते हैं। यह हमें सिखाता है कि कठिनाइयों में भी भगवान पर अटल विश्वास रखें। यदि आप स्वास्थ्य अनुकूल हो तो इस व्रत को अवश्य रखें। इससे मन शांत होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है।
निर्जला एकादशी सनातन संस्कृति की महानता को दर्शाती है। भक्ति, तप और दान का यह सुंदर संगम हमें सच्चे मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। 25 जून 2026 को यह पावन अवसर हमें फिर याद दिलाएगा कि सच्ची श्रद्धा से कुछ भी असंभव नहीं।







