सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, छ.ग.।
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
भावुकता मेरी शक्ति है, कमजोरी नहीं !’
– सुश्री सरोज कंसारी
जीवन के हर लम्हे को गहराई से जीना सीखिए।
==================================
माना हमने कि क्षमा महानता है,
पर हर बार सहना अन्याय होता है।
दौड़िए और बचाइए उदारता अपनी,
पर खुद को समझना जीना सीखना है।
यह जीवन एक परम अवसर है, जिसे हमें पूरी आत्मा से जीना है। हम इसके अभिनेता नहीं हैं, हमें इसे खुलकर जीना है। हमें दिल और दिमाग से इतना मजबूत बनकर रहना है कि दुनिया की कोई भी ताकत हमारा कुछ न बिगाड़ सके। हमारी भावुकता हमारी कमजोरी नहीं, बल्कि हमारी विशेषता और महानता है, जो हर इंसान में नहीं होती। हम सहृदय और संवेदनशील हैं। हमारी संवेदना ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, जो हमें इस संवेदनहीन संसार में भी जीवंत रखती है। परिस्थितियों के आगे झुकना हमारी फितरत नहीं, क्योंकि हम बिखरकर भी संवरना जानते हैं। अपनी सादगी और स्वाभिमान के साथ हम हर राह पर मुस्कुराकर चलेंगे। यह जीवन हमारा है, और इसकी हर सांस पर सिर्फ हमारा अधिकार है।
बेवजह शोक में डूबे रहने से कोई फायदा नहीं। जिंदगी जब तक है, कोई न कोई तमाशा होता ही रहेगा। हर बात पर दुखी हो जाना अपनी खुशियों को अपने हाथों आग लगाने जैसा है। जो गलती हमने की, उसकी सजा हमें मिलेगी ही। उसे सहना और स्वीकार करना हमारा कर्तव्य है। इंसान वही है जो अपनी गलती को जाने, माने और सुधारे। गलती को दोहराते रहने से शारीरिक और मानसिक दुर्बलता बढ़ती है।
जीवन रिश्तों की एक श्रृंखला है। हम जीवन भर किसी न किसी रिश्ते से जुड़े रहते हैं। कौन कब तक साथ देगा, यह हम तय नहीं कर सकते। समय के साथ बहुत कुछ बदलता है। इसलिए जहाँ तक आपकी क्षमता है, वहीं तक कदम बढ़ाइए। कई बार हम सिर्फ रिश्ते निभाने, जिम्मेदारी पूरी करने और अपनों को खुश रखने को अपना धर्म समझ लेते हैं। इस बीच भूल जाते हैं कि हर कोई इसके काबिल नहीं होता। जहाँ लोग आपके निस्वार्थ प्रेम का महत्व न समझें, हर बार अपमान करें, वहाँ कठोर होना बेहद जरूरी है। वरना आपकी यही भावुकता और अति-मोह से आपको नुकसान होगा। समय, परिस्थिति और लोगों के बुरे बर्ताव के आगे झुकते रहना समझदारी नहीं, आपकी कमजोरी है।
इंसान होने के नाते भावनात्मक लगाव स्वाभाविक है। सांसारिक जीवन में हर कदम पर हमें विविध अनुभूतियाँ होती हैं। दिल पर लगे गहरे घाव को भरने में समय भी लगता है। पर जब रिश्ते अपनी हद भूल जाएं और सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए दर्द, आँसू और अफसोस देते रहें, तो उन्हें छोड़ने में तनिक भी देर मत कीजिए। जो आत्मा को दुखाए, वो माफी के काबिल नहीं। उन्हें उनके हाल पर छोड़ दीजिए, आगे बढ़िए और मुड़कर मत देखिए। तभी आप जीवन जी सकेंगे, अन्यथा दर्द में डूबते ही रहेंगे।
दया, सहानुभूति, करुणा, क्षमा और सहयोग वहीं कीजिए जहाँ सच में इसकी जरूरत हो। आज के समय में ज्यादा प्यार लोग संभाल नहीं पाते। भोग-विलासिता के आगे सच्ची भावनाएं टूट जाती हैं। आज लोगों में आपसी सामंजस्य कम और अपने फायदे की फिक्र अधिक है। जो आपकी तकलीफ में साथ हो, आपके बहकते-डगमगाते कदमों को संभाले, जीने की फिर से उम्मीद दे सके, वही अपने हैं। बाकी रिश्तों की भीड़ रखने से बेवजह समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हम इंसान हैं, इसलिए कहाँ और कितनी अपनी ऊर्जा खर्च करनी है, यह ध्यान रखना जरूरी है। दूसरों के लिए सोचते-सोचते जीवन बोझ न बन जाए, यह कोशिश अवश्य कीजिए।
जो आपकी भावनाओं को न समझे और आप हर किसी की बात दिल से लगाकर पीड़ित होते रहें, तो ऐसे रिश्तों के प्रति पत्थर बन जाने में ही भलाई है। कब तक महसूस करके दर्द में पिघलते रहेंगे? जीवन की इस जंग में अपना अस्तित्व बनाना जरूरी है, अन्यथा लोग आप पर बिना गलती के हावी होते रहेंगे। जीवन को जीना है तो अपने हर रिश्ते को दिल की गहराई से निभाइए। दिमाग को इधर-उधर मत दौड़ाइए, जहाँ हैं वहीं एकाग्र होकर कार्य कीजिए।
सिर्फ औपचारिकता मत निभाइए। दिल से जुड़िए। गहराई और सच्ची भावनाओं के साथ जीना, खुलकर कहना, हर किसी को सम्मान देना, पूर्ण आस्था और विश्वास रखना, ईमानदार होना – यही जीवन है। हर पल का आनंद लीजिए। हर पल को अपना मानकर उसका सदुपयोग कीजिए। दिखावा मत कीजिए। सच कहने की हिम्मत रखिए। वफादार रहिए। दिल-दिमाग को शांत रखिए, परिस्थितियाँ बदलती रहती हैं। ‘आज’ में रहना जरूरी है। कौन क्या कह रहा है, इस पर ध्यान दिए बिना, आप क्या करना चाहते हैं जिससे आपका जीवन सफल हो, उस पर ध्यान दीजिए। अनजान डर को मन से निकालिए और निर्भीक होकर जीना शुरू कीजिए।
ज़िंदगी है तो जिंदा लाश मत बनिए। एक सुखद एहसास रखिए। किसी के लिए मरने की जरूरत नहीं, आज सबसे जरूरी है हर किसी को जीने की वजह देना। रुलाने में नहीं, हँसाने में सहयोगी बनिए। ज्यादा सीरियस मत रहिए। अपना बचपना, मासूमियत, नादानी, शरारत और शौक बनाए रखते हुए जिंदगी के हर मोड़ पर नई चुनौतियों के लिए तैयार रहिए।
यह सोचकर हर पल को खूबसूरती से जियो कि यह दौर फिर नहीं आएगा। आज जो है, उसे प्यार से थाम लो, क्या पता अगले ही पल साथ न हो? कुछ घटनाएँ पल भर में जिंदगी वीरान कर देती हैं, अपने बेगाने हो जाते हैं, इसलिए हर क्षण का सम्मान कीजिए। हर साँस अनमोल है। जब तक चल रही है, आप जीवन की हर खुशी को गले लगा सकते हैं। हार मत मानिए, जीवन हर साँस के साथ एक मौका है। जीवन से मिली हर मिठास को याद रखिए, कड़वाहट को भूल जाइए।
हम जीवन को शिकायतों में नहीं, लड़कर जिएँगे। अपना अस्तित्व नहीं खोने देंगे।…जीवन एक नदी की भाँति है, इसे बहने दीजिए। बहते रहिए, महकते रहिए। जब अंतिम साँस लेंगे तो मलाल न हो कि जी तो लिया पर खुलकर जिए नहीं। उठिए, मुस्कुराइए। यह ज़िन्दगी बार-बार नहीं मिलती है। इसलिए हर लम्हा, हर साँस, सिर्फ आपके नाम। जीवन को मत ढोइए, जीवन को जियो।
———————————————————







