हरी राम यादव (लेखक)
अयोध्या, (उ. प्र.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जो लौट के घर न आए..
नायक अबिद खान, सेना मेडल
जो लोग देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए बलिदान देते हैं वह इतिहास, समाज और लोगों के दिलों में अमर हो जाते हैं। उनकी वीरता और बलिदान की शौर्य गाथा सदियों तक जनमानस की जुबान पर रहती है। युवा पीढ़ी उनकी शौर्य गाथा को पढ़कर प्रेरणा लेती है और उनके नक़्शे कदम पर चल कर आगे बढती है। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एक ऐसे ही प्रेरणास्रोत सैनिक नायक आबिद खान थे जो आज भी वहां की युवा पीढ़ी के दिलो दिमाग में बसते हैं और वहां की युवा पीढ़ी को आगे बढ़कर उज्जवल भविष्य बनाने के सपने दिखाते हैं।
जून-जुलाई 1999 के दौरान 22 ग्रेनेडियर्स लद्दाख के बटालिक सेक्टर में तैनात थी। यह यूनिट 70 इन्फैंट्री ब्रिगेड के कमांड के तहत काम कर रही थी और इसका पूरा नियंत्रण 3 इन्फैंट्री डिवीजन के पास था। मई 1999 की शुरुआत में घुसपैठ का पता लग चुका था यह घुसपैठ नियंत्रण रेखा की सीमा से 4 से 8 किमी अन्दर तक थी। घुसपैठ के स्थानों का पता लगने के बाद सेना द्वारा यह निर्णय लिया गया कि पहले जंक लुंगपा के जरिए नियंत्रण रेखा तक एक मार्ग खोलकर दुश्मन घुसपैठ के क्षेत्र में घुसा जाए और उसके बाद हर क्षेत्र पर अलग अलग हमला किया जाए। यह कार्य 12 जम्मू कश्मीर लाइट इन्फेंट्री और 10 पैरा (विशेष बल) और लद्दाख स्काउट की एक कंपनी को दिया गया और इसे 03 जून 1999 तक पूरा कर लिया गया, लेकिन दुश्मन ने पश्चिम, पूर्व और उत्तर में रिज पर कब्जा बनाए रखा। दुश्मन की मुख्य घुसपैठ और डिफेंस खालूबर-पद्मा रिज़ पर थी।
खालूबर-पद्मा रिज़ में पॉइंट 4812, खालूबर, पॉइंट 5287, पॉइंट 5000 और स्टांगबा जैसी चोटियाँ शामिल थीं। 70 इन्फैंट्री ब्रिगेड ने चोटियों पर कब्जा करने के लिए 22 ग्रेनेडियर्स, 12 जम्मू कश्मीर लाइट इन्फेंट्री , 1/11 गोरखा राइफल्स और लद्दाख स्काउट्स को जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया। 22 ग्रेनेडियर्स के सैनिकों को खालूबर और पॉइंट 5287 कॉम्प्लेक्स को कब्जा करने का काम सौंपा गया। यहाँ दुश्मन की रक्षा पंक्ति सबसे मजबूत थी और इस पर कब्जा करना बहुत चुनौतीपूर्ण था। हमला 30 जून/01 जुलाई की रात को शुरू हुआ। नायक आबिद खान और उनके साथियों ने मेजर अजित सिंह शेखावत के नेतृत्व में लक्ष्य तक पहुँचने में सफलता पाई, लेकिन दुश्मन के काउंटर-अटैक के कारण वहां भीषण लड़ाई हुई। संख्या में बहुत कम होते हुए भी 22 ग्रेनेडियर्स के बहादुर जवानों ने तीन रातों तक लगातार युद्ध किया और नुकसान की परवाह किए बिना धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे।
लगातार होते हमलों से पाकिस्तानी सैनिक घबरा गए और उन्होंने अपनी तोपखाने की फायरिंग को दोगुना करने को कहा। 03 जुलाई को दोनों ओर से हो रही गोलीबारी के दौरान नायक आबिद खान की गर्दन में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। तेजी से होते रक्तश्राव और गंभीर चोटों के कारण वह वीरगति को प्राप्त हो गए। नायक आबिद खान और 22 ग्रेनेडियर्स के अन्य सैनिकों ने खालूबार और प्वाइंट 5287 कॉम्प्लेक्स पर कब्जा करने के लिए इस लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खालुबर की इस लड़ाई में नायक आबिद खान के अलावा 22 ग्रेनेडियर्स के अन्य बहादुर जवानों में उत्तर प्रदेश के सी क्यू एम एच अमरुद्दीन, ग्रेनेडियर्स मोहम्मद इस्तियाक खान, ग्रेनेडियर्स हसन अली खान, ग्रेनेडियर्स हसन मुहम्मद ग्रेनेडियर्स जुबैर अहमद, ग्रेनेडियर्स रिजवान, तथा हवलदार राज कुमार, हवलदार लेख राम, नायक नीरज कुमार, नायक अहमद अली मेवाती, नायक रियासत अली, ग्रेनेडियर्स जाकिर हुसैन , ग्रेनेडियर्स अरविंद सिंह, और ग्रेनेडियर्स जेपी सिंह यादव शामिल थे।
नायक अबिद खान का जन्म उत्तर प्रदेश के जनपद हरदोई के गाँव पाली में 06 मई 1972 को श्रीमती नत्तन बेगम और श्री गफ़्फ़ार खान के यहाँ हुआ था। उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा गांव में स्थित प्राथमिक पाठशाला और आगे की शिक्षा पन्त इंटर कालेज से पूरी करने के बाद 05 फरवरी 1988 को 17 साल की उम्र में सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में भर्ती हो गए। प्रशिक्षण के पश्चात वह 22 ग्रेनेडियर्स में तैनात हुए। कुछ समय बाद उनका विवाह फिरदौस बेगम से हुआ। 1995 में नायक अबिद खान को कश्मीर घाटी में सेवा करते हुए आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान साहस और वीरता के लिए ‘सेना मेडल’ से सम्मानित किया गया था। नायक आबिद खान के माता पिता का निधन हो चुका है। उनके परिवार में उनकी वीरांगना श्रीमती फ़िरदौस बेगम, उनकी तीन बेटियां – चांदसरा, सविस्ता, शगुफ्ता और बेटा आदिल हैं। बड़ी बेटी चांदसरा की शादी हो चुकी है।
कारगिल युद्ध मे वीरगति को प्राप्त हुए नायक आबिद खां के नाम से कस्बे के मोहल्ले को जाना जाता है। कस्बे में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय को लोग शहीद आबिद खां उच्च प्राथमिक विद्यालय, पाली के नाम से जानते थे। कुछ वर्ष पहले स्कूल की बाउंड्रीवाल बनवाई गई थी। उस समय विद्यालय के मुख्य गेट पर अंकित ‘शहीद आबिद खां उच्च प्राथमिक विद्यालय, पाली’ का नाम बदलकर उच्च प्राथमिक विद्यालय, पाली कर दिया गया। इस कृत्य को लेकर नायक आबिद खां के परिजनों को बेहद दुःख है। उनके परिजनों का कहना है कि जब स्कूल पर आबिद खान का नाम लिखवाया गया था तो उसे लिखा रहने देते या फिर नाम लिखवाते ही ना। नाम लिखवाकर उसको हटना एक वीरगति प्राप्त सैनिक का अपमान है। नायक आबिद खां की पत्नी का कहना है कि उन्होंने जिस प्राथमिक स्कूल में पढाई की है, उस स्कूल का नामकरण शहीद नायक आबिद खान के नाम पर होना चाहिए।







