संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
कारगिल विजय दिवस पर पुलिस ने निकाली नशा मुक्त मैराथन।
कन्नौजः कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) अभियान के तहत नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान की थीम पर नशा मुक्त मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें कन्नौज पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में आयोजित मैराथन का शुभारंभ मनेरगा पार्क, विकास भवन से हुआ। इसके बाद प्रतिभागी मैराथन में शामिल होकर बोर्डिंग ग्राउंड पहुंचे, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी लाइन और प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन समेत पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।







