मीडिया प्रभारी फिरोजपुरः राजीव कुमार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित मिश्रीवाला और बधनी गुलाब सिंह गांवों में दिखाए गए विशेष शो।
फिरोजपुरः 28 जुलाई पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650 वें प्रकाश पर्व को समर्पित चलाई जा रही राज्य स्तरीय जागरूकता मुहिम के तहत एलईडी वैन ने बीती शाम फिरोजपुर देहाती विधानसभा क्षेत्र के गांव मिश्रीवाला और बधनी गुलाब सिंह में पहुंचकर ग्रामीणों को श्री गुरु रविदास जी के जीवन, वाणी और उपदेशों से अवगत कराया। यह जानकारी फिरोजपुर देहाती के विधायक रजनीश कुमार दहिया ने दी।
विधायक दहिया ने बताया कि गांव मिश्रीवाला और बधनी गुलाब सिंह में एलईडी वैन के माध्यम से लगभग आधे घंटे की एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इस डॉक्यूमेंट्री में श्री गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन तथा मानवता, समानता, सामाजिक न्याय, सेवा, भाईचारे और सद्भावना के उनके सार्वभौमिक संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को गुरु साहिब के महान जीवन दर्शन, समाज सुधारक विचारों तथा समाज में समानता और मानवाधिकारों के लिए उनके योगदान की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जागरूकता मुहिमों के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं और मानवता के संदेश को आम लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की वाणी आज भी समाज को सत्य, समानता और आपसी सम्मान का मार्ग दिखाती है, जिससे समाज में भाईचारा और सद्भावना और अधिक मजबूत होगी।







