संवाददाता कन्नौज (उ.प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
महादेवी घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कुंभ जैसा दिखा नजारा।
कन्नौज: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ऐतिहासिक नगरी कन्नौज के महादेवी घाट पर गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। घाट पर उमड़ी भीड़ के चलते माहौल कुंभ जैसा नजारा दिखाई दिया । गैर जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कन्नौज पहुंचे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने नगर के ऐतिहासिक और प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ महादेवी घाट पहुंचे। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ नियंत्रण का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ फूलमती मंदिर, गौरी शंकर मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर समेत नगर के अन्य प्रमुख मंदिरों में पहुंची। मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते जीटी रोड पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम की स्थिति बनी रही। जाम में 108 एंबुलेंस भी फंसी दिखाई दी, जिससे यातायात व्यवस्था को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु कराने में जुटे रहे। देर शाम तक घाट और मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही







