संवाददाता कन्नौज (उ.प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जिला जेल का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, बैरकों और बंदियों की व्यवस्थाएं परखी।
कन्नौजः जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने गुरुवार को जिला कारागार कन्नौज का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की विभिन्न बैरकों का निरीक्षण करने के साथ बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक ने अधिकारियों को बताया कि जेल प्रशासन और स्टाफ की ओर से नियमित रूप से कारागार की चेकिंग की जाती है। निरीक्षण के समय जेल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। अधिकारियों ने जेल के अंदर प्रतिबंधित सामग्री पहुंचने की किसी भी संभावना को रोकने के लिए नियमित और प्रभावी चेकिंग कराने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने जेल में आने वाले नए बंदियों का जेल चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराने को कहा। एसपी विनोद कुमार ने जेल अधीक्षक को कारागार का नियमित निरीक्षण करते रहने और निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों की गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी समय-समय पर पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए।






