सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री, लेखिका एवं शिक्षिका
रिपोर्टर एवं उद्घोषिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
(माटी के शौर्य की अमिट गाथा विशेष लेख)
”सरहद की गर्जना”
– सुश्री सरोज कंसारी
==============================
जब हिंदुस्तान वासी आराम से अपने गृह परिवेश में रह रहे थे, सो रहे थे, खा रहे थे और हँस रहे थे; तब सरहद पर कोई अपनी जांबाज धड़कनों से राष्ट्र का पहरा दे रहा था। ‘सरहद की गर्जना’ केवल सीमाओं पर गूंजने वाली बंदूक की आवाज़ नहीं थी, बल्कि यह हिंदुस्तानी सेना की उस हिम्मत व हुंकार का प्रतीक थी, जो दुश्मनों के हौसलों को पस्त करने के लिए हमेशा तत्पर रही है और आज भी है। बर्फीली चोटियों की हाड़ कंपाने वाली पूस हो अथवा रेगिस्तान की झुलसाती धूप, हमारे जवानों की गर्जना हर विषम परिस्थिति में हिंदुस्तान की धरा माता के जयकारे के संग हमेशा गूंजती रही है।
“यह धरा
यह गगन हमारा,
जब तक यह संसार है,
जीता रहेगा हमारा हिंदुस्तान!”
इतिहास के पृष्ठों पर इस बात के वें अमिट साक्षी हैं कि राष्ट्र-रक्षा के इस महायज्ञ में कितनी ही बार इन जाँबाज़ सैनिकों ने अपनी ज़िंदगी की बाज़ी लगाकर अमरत्व को प्राप्त किया है। ‘सरहद की गर्जना’ का वास्तविक सच उन शहीदों की वह खामोश मगर बुलंद आवाज़ है, जो जाते-जाते भी हमें नागरिक कर्तव्यों की अनुभूति करा जाती है। हमारा यह परम कर्तव्य है कि घरों में चैन की नींद सोते हुए भी हम सरहद के इन प्रहरियों के त्याग का सम्मान बनाए रखें, तथा देशहित हेतु उनके इस प्रेम, श्रद्धा और समर्पण के प्रति सदैव सजग रहकर अपने हृदय में कृतज्ञता का भाव रखें।
यह गर्जना हमें याद दिला रही है कि सुरक्षा कोई सहज उपहार नहीं होती, बल्कि साधना का फल है। आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा पीढ़ी जागे और देश हित के लिए अपनी चेतना को जाग्रत रखे। जब तक हमारी अंतरात्मा में इन बलिदानों के प्रति आदर और कृतज्ञता का भाव जीवंत रहेगा, तब तक माँ भारती का मस्तक गौरव से सर्वदा उन्नत रहेगा।

सरहद की यही गूंज हर देशवासी के हृदय में एकता और सद्भावना का संचार करती रहेगी।
===========================







