मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
एन.बी. बिनवाल के निधन पर शोकसभा आयोजित, सामाजिक एवं कर्मचारी आंदोलनों में योगदान को किया याद।
अल्मोड़ा: पूर्व कर्मचारी नेता एवं सामाजिक आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले एन.बी. बिनवाल के निधन पर आज नगर निगम सभागार में विभिन्न संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने की तथा संचालन गिरीश मल्होत्रा ने किया।
शोकसभा में वक्ताओं ने बिनवाल जी के कर्मचारी आंदोलन, ट्रेड यूनियन समन्वय आंदोलन, ‘नशा नहीं, रोजगार दो’ आंदोलन तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि बिनवाल जी ने अपने पूरे सार्वजनिक जीवन में कर्मचारियों और आम जनता के हितों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाया।
पी.सी. तिवारी ने बिनवाल जी के साथ नशाविरोधी आंदोलन में बिताए समय और उनके योगदान को याद किया। चंद्रमणि भट्ट ने उनके ट्रेड यूनियन आंदोलन से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया। कर्मचारी नेता धीरेन्द्र पाठक ने कहा कि आज धीरे-धीरे कर्मचारियों के हित प्रभावित किए जा रहे हैं और बिनवाल जी हमेशा ऐसे सवालों के खिलाफ आवाज उठाते रहे।
एसएसजे विश्वविद्यालय के कैलाश छिमवाल ने कुमाऊं विश्वविद्यालय में बिनवाल जी के योगदान को याद किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष जगदीश जोशी तथा दयाकृष्ण कांडपाल ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दयाकृष्ण कांडपाल ने उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की ओर से श्रद्धांजलि व्यक्त की। अध्यक्षता कर रहे प्रकाश चंद्र जोशी ने बिनवाल जी के साथ ट्रेड यूनियन आंदोलन में अपनी सहभागिता की स्मृतियां साझा कीं।
शोकसभा में पी.एस. बोरा, हाट सिंह रावत, ललित भट्ट, नारायण राम, नरेश चंद्र नौटियाल, निर्मल जोशी, विपिन जोशी, कोमल मोहन, चंद्र कांडपाल, गोविंद लाल वर्मा, किरण आर्या, दिनेश भट्ट, युगल पांडे, सौरभ सनवाल, संजय भट्ट, मनी नमन, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, मदन सिंह बिष्ट, किशन गुरुरानी, प्रदीप गुरुरानी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









