संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी की तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न।
आगर-मालवाः 19 अगस्त 2026। जिला मुख्यालय आगर में श्रावण मास के चतुर्थ,सोमवार 24 अगस्त को आयोजित की जा रही बाबा बैजनाथ महादेव की भव्य शाही सवारी की तैयारियों के संबंध में बैठक बुधवार शाम को कलेक्टर सभाकक्ष आगर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने की।
बैठक में विधायक श्री माधव सिंह ‘मधु’ गहलोत, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भैरू सिंह चौहान, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र बोयत, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, मंदिर पुजारी श्री मुकेश पुरी, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाहा सहित झांकियों, अखाड़ों और सवारी में शामिल होने वाले आयोजकगण एवं प्रबंध समिति के सदस्य गण उपस्थित थे।
बैठक के प्रारंभ में एसडीएम श्री मिलिंद ढोके ने शाही सवारी के निर्धारित रूट मार्ग की जानकारी दी। उन्होंने पालकी, झांकियों, अखाड़ों और बैंड आदि के क्रम एवं सवारी में शामिल होने के स्थानों की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी से निर्धारित मार्ग, क्रम एवं समय का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शाही सवारी में शामिल होने वाली सभी झांकियों को टोकन एवं फ्लेक्स बनाकर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
बैठक में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि शाही सवारी के दिन शहर में निर्धारित मार्ग एवं स्थानों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध भी किए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को शाही सवारी के लिए निर्धारित रूट मार्ग पर आवश्यक व्यवस्था एवं प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की प्रवेश एवं दर्शन व्यवस्था, पार्किंग स्थल पर प्रवेश की व्यवस्था, रूट डायवर्जन एवं स्टॉपेज की व्यवस्था, वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था, सवारी मार्ग पर पेयजल, साफ-सफाई की व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही और समुचित प्रबंधन के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक श्री माधव सिंह ‘मधु’ गहलोत मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यगणो सहित अन्य उपस्थित जनों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।







