सम्पादक फिरोजपुरः राजीव कुमार
(नया अध्याय, फिरोजपुर)
फिरोजपुर में सीमा पार से नशे की तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 44.5 किलो हेरोइन और 3 किलो ICE बरामद।
— खेप ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई थी: डीजीपी गौरव यादव
— तस्करों और खेप लेने वाले संभावित आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी: आईजीपी आशीष चौधरी।
चंडीगढ़/फिरोजपुर: 25 अगस्त । पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान काउंटर इंटेलिजेंस (CI) फिरोजपुर ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। टीमों ने फिरोजपुर के गांव गजनीवाला के सीमावर्ती क्षेत्र से 44.5 किलोग्राम हेरोइन और 3 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (ICE ड्रग) बरामद की है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह नशे की खेप सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर CI फिरोजपुर और BSF ने गांव गजनीवाला के खेतों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान यह बड़ी खेप बरामद हुई।
डीजीपी ने कहा कि सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने तथा सीमा पार बैठे हैंडलरों से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए आईजीपी काउंटर इंटेलिजेंस आशीष चौधरी ने बताया कि गजनीवाला क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास ड्रोन गतिविधि की विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद फिरोजपुर पुलिस टीमों ने तुरंत BSF के साथ सूचना साझा की और संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि आसपास के खेतों की पूरी तरह तलाशी लेने के दौरान पुलिस और BSF की टीमों को हेरोइन और ICE ड्रग की खेप बरामद हुई।
आईजीपी ने कहा कि खेप भेजने वाले तस्करों और उनके भारतीय सहयोगियों, जिन्होंने यह खेप प्राप्त करनी थी, की पहचान करने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR नंबर 19, दिनांक 25 अगस्त 2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-C और 29 के तहत थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), फाजिल्का में मामला दर्ज किया गया है।







