मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह द्वारा जिला योजना समिति निर्वाचन 2026 के लिए नगर निकाय एवं जिला पंचायत क्षेत्र में संबंधित मतदान केंद्र स्थलों की सूची जारी।
अल्मोड़ा: 07 सितम्बर 2026 जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह द्वारा जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 के लिए नगर निकाय एवं जिला पंचायत क्षेत्र से संबंधित मतदान केन्द्र/स्थलों की सूची जारी कर दी गई है। सम्पूर्ण नगर निगम निर्वाचन क्षेत्र, अल्मोड़ा के लिए जिला पंचायत कार्यालय भवन, कक्ष संख्या-1, अल्मोड़ा को मतदान केन्द्र निर्धारित किया गया है। इस मतदान स्थल से संबंधित मतदाताओं की संख्या 40 है।
सम्पूर्ण नगर निकाय निर्वाचन क्षेत्र, द्वाराहाट के अंतर्गत नगर पालिका परिषद द्वाराहाट, नगर पंचायत द्वाराहाट, नगर पंचायत भिकियासैंण एवं नगर पंचायत चौखुटिया को सम्मिलित किया गया है। इस क्षेत्र के लिए नगर पालिका परिषद द्वाराहाट सभागार कक्ष को मतदान केन्द्र निर्धारित किया गया है। यहां संबंधित मतदाताओं की संख्या 19 है।
सम्पूर्ण जिला पंचायत क्षेत्र, अल्मोड़ा के लिए जिला पंचायत सभागार अल्मोड़ा को मतदान केन्द्र निर्धारित किया गया है। इस मतदान स्थल से संबंधित मतदाताओं की संख्या 45 है।
*******************
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया का किया स्थलीय निरीक्षण।
जर्जर भवनों को ध्वस्त कर नए विद्यालय भवन के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश।
अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया पहुंचकर विद्यालय के कक्षा-कक्षों एवं भवन की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से भवन की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विद्यालय के जर्जर भवनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता , लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालय के जर्जर भवनों को निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अंतर्गत ध्वस्त करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही विद्यालय के लिए नए भवन के निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए, जिससे शासन स्तर से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य कराया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में आपदा मद के निर्धारित मानकों के अंतर्गत कराए जा सकने वाले कार्यों का आकलन करते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए। भवन से संबंधित आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित न हो तथा विद्यालय परिसर में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







