संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आंगनवाड़ी केंद्रों को बनाया जाएगा पोषण जागरूकता का केंद्र
कन्नौजः जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने पर जोर दिया गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की मौजूदगी में पोषण माह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान वाराणसी से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और उचित देखभाल पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि पोषण माह की गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाया जाए और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने कहा कि पोषण को जनआंदोलन बनाने के लिए समुदाय की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का दिवसवार आयोजन कराने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।
9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलने वाले पोषण माह की इस वर्ष की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ है। अभियान के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत नगद हस्तांतरण जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजित गतिविधियों की जानकारी भारत सरकार के जन आंदोलन पोर्टल पर भी दर्ज की जाएगी। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी ओ.आर. सिद्दीकी सहित मुख्य सेविकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।







