संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
गुरसहायगंज में लगा वृहद योग शिविर, 210 छात्राओं ने किया योगाभ्यास।

गुरसहायगंज: जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर बुधवार को सरोजनी देवी आर्य बालिका इंटर कॉलेज, गुरसहायगंज में वृहद योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय की करीब 210 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
योग प्रशिक्षक शिव प्रताप, योग वेलनेस सेंटर फतेहपुर जसोदा तथा योग प्रशिक्षक कु. आकांक्षा सिंह सेंगर, योग वेलनेस सेंटर गुरसहायगंज ने छात्राओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान नियमित योग करने से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षकों ने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग एवं प्राणायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक तनाव को कम करने में भी मदद मिलती है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विजय कुमार यादव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास के प्रति प्रोत्साहित करना है।







