मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी युक्ता मिश्रा की अध्यक्षता में आगामी जनगणना 2027 के द्वीतिय चरण में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम।
अल्मोड़ाः अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल, सुचारू एवं प्रभावी संपादन के लिए आज कलेक्ट्रेट अल्मोड़ा में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।
यह प्रशिक्षण 15 एवं 16 सितम्बर 2026 को आयोजित किया जा रहा है, इसका उद्देश्य जनपद के सभी जनगणना कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य संपादित करने के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता एवं प्रक्रियात्मक जानकारी प्रदान करना है, ताकि जनगणना कार्यों का समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसका सीधा संबंध देश की विकास योजनाओं, नीतियों एवं विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी नियोजन से है। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान उपलब्ध कराए जाने वाले आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करें।
इस दौरान जनगणना संचालन निदेशक ईवा श्रीवास्तव ने ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए डिजिटल जनगणना की कार्यप्रणाली के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आंकड़ों के संकलन में विशेष सावधानी एवं शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
अपर जिलाधिकारी बताया कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनगणना कार्यों में अधिक सटीकता, पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से डिजिटल प्रक्रियाओं एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को अच्छी तरह समझने तथा प्रशिक्षण के दौरान अपनी शंकाओं का समाधान करने को कहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, जिला समन्वयक अधिकारी निखिल पंत के साथ ही संबंधित जनगणना कार्मिकों ने भी प्रतिभाग किया।






