ब्यूरो गोंडा वजीरगंजः सियाराम पाण्डे
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सीडीओ ने सीएचसी परिसर में केन्टीन का किया उद्घाटन


गोंडा वजीरगंज: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र वजीरगंज में मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने प्रेरणा कैंटीन का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रेरणा कैंटीन के माध्यम से लोगों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसामान्य तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना है। स्वास्थ्य केन्द्र पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया तथा स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें फल वितरित किए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलती है। कार्यक्रम में क्षय रोग (टीबी) से उपचारित एवं प्रभावित मरीजों को पोषण पोटली का वितरण भी किया गया। इस दौरान मरीजों को नियमित उपचार, पौष्टिक आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों के समुचित पोषण, स्वास्थ्य एवं विकास के लिए संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित अधिकारियों ने अभिभावकों को बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी सेवाओं को जनसामान्य तक सुगमता से पहुंचाना रहा। इस दौरान प्रमुख प्रतिनिधि पंकज सिंह, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, बीडीओ अभिषेक मणि त्रिपाठी, सीएचसी अधीक्षक आशुतोष शुक्ला, सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






