संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
बारिश भी नहीं रोक सकी राष्ट्रगीत की गूंज,
तिर्वा में एक स्वर में गूंजा ‘वंदे मातरम्’।
150 वर्ष पूर्ण होने पर सरस्वती विद्या मंदिर में
‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दिखाया राष्ट्रप्रेम।
तिर्वा/कन्नौज: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बारिश शुरू होने के बावजूद विद्यार्थियों का उत्साह कम नहीं हुआ। छात्र-छात्राओं ने बारिश में भीगते हुए एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रगीत की गूंज से गुंजायमान रहा। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम से जुड़े भावों को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि राज्य कर अधिकारी प्रेरणा द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति युवा पीढ़ी में निहित है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, कर्तव्यबोध और राष्ट्रप्रेम को भी जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकता है।
विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक कन्नौज पप्पू सरोज और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक राहुल ने ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत भारतभूमि के प्रति श्रद्धा, सम्मान और मातृभाव की अभिव्यक्ति है। विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़कर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग प्रचारक राहुल ने की। विद्यालय अध्यक्ष डॉ. केपी विश्वास, प्रबंधक त्रिलोकी नाथ चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य अनिल कुमार मिश्रा सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा। संचालन नीरज गुप्त ने किया। अंत में प्रधानाचार्य ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।






