सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
केदार घाटी में झमाझम बारिश, हिमालय में बर्फबारी
का आगाज तापमान में भारी गिरावट से बढ़ी ठंड।
केदारनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बिछ सकती है
बर्फ की सफेद चादर।
26-27 को भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट ।
ऊखीमठ: केदार घाटी सहित सम्पूर्ण क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम से मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। आसमान में घने बादल छाने के बाद कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के साथ तापमान में तेजी से गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। वहीं, हिमालयी भूभाग में सीजन की बर्फबारी का आगाज होने लगा है। मौसम विभाग की चेतावनी और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए आने वाले कुछ घंटों में केदारनाथ धाम सहित 4, 500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड में भारी से अत्यधिक भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। शनिवार को रुद्रप्रयाग में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुछ अन्य जिलों में रेड अलर्ट है। रविवार को भी रुद्रप्रयाग और चमोली में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 से 28 सितंबर के बीच 4, 500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना बनी हुई है। ऐसे में केदारनाथ, वासुकी ताल, मनणामाई तीर्थ, पाण्डवसेरा, नन्दी कुण्ड सहित उच्च हिमालयी क्षेत्र बर्फबारी की चपेट में आ सकते हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान के शून्य के करीब पहुंचने पर इन इलाकों में बर्फ जमने की स्थिति भी बन सकती है । बारिश के कारण केदारनाथ , मदमहेश्वर व तुंगनाथ यात्रा पर भी मौसम का असर पड़ सकता है। प्रशासन की ओर से यात्रियों और पर्यटकों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा भारी बारिश के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। अत्यधिक खराब मौसम की स्थिति में यात्रा मार्ग पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने की व्यवस्था किए जाने की बात भी सामने आई है।
केदार घाटी में बारिश और हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते पूरे क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है। केदारनाथ धाम, वासुकी ताल, मनणामाई, पाण्डवसेरा और नन्दी कुण्ड के साथ ही मदमहेश्वर, तुंगनाथ तथा आसपास की हिमालयी चोटियों पर मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। यदि आगामी घंटों में तापमान में और गिरावट आती है तो इन क्षेत्रों में व्यापक हिमपात होने की सम्भावना बनी हुई है।

सितंबर के अंतिम दिनों में मौसम का यह बदलाव आगामी शीतकाल के आगमन का संकेत भी माना जा रहा है।







