संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
फर्जी दरोगा बनकर लोगों पर जमाता था रौब,
कन्नौज में गिरफ्तार।
30 लाख के कर्ज में डूबा होने की बात बताई, पुलिस की वर्दी, फर्जी आईडी कार्ड, बैज और दो मोबाइल बरामद।
कन्नौजः पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाने और ठगी करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का दरोगा बताकर लोगों को झांसे में लेता था। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे पायनियर होटल के सामने रेलवे पटरी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान फतेहगढ़/ फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के रठौरा नगला नीयू निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने करीब 30 लाख रुपये का कर्ज होने और उसे चुकाने के लिए फर्जी दरोगा बनकर ठगी करने की बात बताई। उसने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस की वर्दी पहनकर ठगी करने के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद वह पहचान छिपाकर रह रहा था। करीब पांच महीने पहले उसने तिर्वा क्रॉसिंग के पास किराये पर कमरा लिया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खाकी पैंट-शर्ट, वर्दी के दो फ्लैप, पीतल के चार स्टार, उत्तर प्रदेश पुलिस के दो बैज, आईडी कार्ड, नेम प्लेट, सीटी डोरी, सुनहरे रंग का पेन, दो मोबाइल फोन, 150 रुपये नकद और एक पिट्ठू बैग बरामद किया है।
इस मामले में कोतवाली कन्नौज में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विश्वनाथ आर्य तथा कांस्टेबल प्रवीण जाट, ओमवीर चाहर और गौरव सिंह शामिल रहे।







