देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य स्थापना दिवस यानी नौ नवंबर को ही देहरादून आ रहे हैं। पहले उनका 11 नवंबर को आने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। प्रधानमंत्री के दौरे की तिथियों में बदलाव के चलते अन्य कार्यक्रम भी बदले गए हैं। इस कड़ी में अब पुलिस लाइन में नौ नवंबर को होने वाली रैतिक परेड अब सात नवंबर को होगी।
उत्तराखंड इस वर्ष अपने रजत जयंती यानी 25 वर्ष पूरे कर रहा है। इसके लिए राज्य सरकार एक नवंबर से लेकर नौ नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पहले रजत जयंती समोराह का समापन प्रधानमंत्री की उपस्थिति में 11 नवंबर को होना था।
इसके तहत प्रधानमंत्री नौ नवंबर को उत्तराखंड आएंगे। अब इस कड़ी में शासन ने भी कार्यक्रमों में बदलाव किया है। इसके तहत पुलिस लाइन में सात नवंबर को रैतिक परेड का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मिलित होंगे।
नौ नवंबर को एफआरआइ परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत यहां एक पवेलियन बनाया जाएगा। जहां सभी विभागों की उपलब्धियों व भावी योजनाओं काे प्रदर्शित किया जाना है। साथ ही यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रधानमंत्री यहीं से प्रदेश की जनता को संबोधित भी करेंगे।
कार्यक्रम में बदलाव के दृष्टिगत मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अब गुरुवार को अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दौरे के दृष्टिगत तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कार्यक्रम में बदलाव की पुष्टि की है।








