डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
वन-क्रंदन
वन क्रंदन करता निरख, उठे हृदय में पीर।
कर विनष्ट पादप जगत, कभी न हो मन-थीर।।
पादप की महिमा अकथ, यह धरती का प्राण।
औषधि एक अमोघ यह, करता जन-कल्याण।।
पत्र-पुष्प-फल-स्रोत तरु, करे शुद्ध जलवायु।
इसकी रक्षा से बढ़े, जीव-जंतु की आयु।।
हरियाली ही विटप की, देती हर्ष अपार।
पथिक बैठ तरु-छाँव में, पाता सुख-संसार।।
पादप ठौर-ठिकान है, नभचर-रुचिर निवास।
मधुर कंठ खग-गीत कर, सुखमय चित्त उदास।।
पत्र-पुष्प-फल, जड़-तना, पादप का हर अंश।
हैं जीवन-आधार ये, नष्ट न हों तरु-वंश ।।
प्रकृति अतुल निधि वृक्ष ये, महि-शोभा की खान।
वृक्षारोपण कर्म शुचि, मानव-धर्म महान ।।
करें प्रतिज्ञा एक ही, तरु-रक्षा-अभियान।
पादप-सेवा से मिले, भव-सुख अमिट निधान।।







