हरी राम यादव
बनघुसरा, अयोध्या।
प्रकृति की पुकार
कह रही प्रकृति चीख चीखकर,
सुन लो तुम ऐ मानव नादान।
यदि न सुनने की तुम्हें बीमारी,
तो ठीक करा लो दोनों कान।
हरी सबसे बड़ी हूं मैं अभियंता,
मेरे सामने तुम हो तृण समान ।
तुम रोज चीर रहे हो छाती मेरी,
धूल धुंए से भर रहे हो आसमान।
बारुद को तुम हथियार बनाकर,
पहाड़ों का कर रहे काम तमाम।
नदियों को तुम नर्क बना रहे,
लेकर झूठ मूठ विकास का नाम।
काट रहे हो तुम मेरे पेड़ों को,
कागज में बताकर अपना नाम।
तुम तो खुद हो शरणार्थी मेरे,
तुम को हो गया झूठा अभिमान।।
अभी तो मैंने भेजा मेघराज को,
तुम करने लगे हो त्राहिमाम।
सब इंजीनियरिंग धरी रह गयी,
आयी न तुम्हारी कोई पढ़ाई काम ।
अभी तो मेरे सारे शस्त्र हैं बाकी,
शायद अस्त्रों का पड़े न काम।
बांध बना लो, तुम पुल बना लो,
बना लो सड़कें ऊपर आसमान।
पर मेरी गति पर करोगे नियंत्रण,
तो उड़ जाओगे तुम धूल समान।
मेरी अपनी एक निश्चित गति है,
जो चलती रहती प्रतिपल अविराम।
मानव तुम उसमें बाधक बनकर,
क्यों करना चाहते काम तमाम।
जियो और सब जीवों को जीने दो,
इस पर शुरू कर दो करना काम।।







