संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
मिशन शक्ति फेज-5 से जागी नई चेतना, कन्नौज में महिला सुरक्षा का मजबूत संदेश।
कन्नौजः उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत जनपद कन्नौज में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान ने जिले भर में महिलाओं और बालिकाओं के बीच नई चेतना जगाने का कार्य किया।
पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा जनचौपाल, संवाद कार्यक्रम एवं जागरूकता अभियान आयोजित किए गए। गांवों, कस्बों, बाजारों, मोहल्लों, चौराहों तथा धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया, ताकि वे योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन सकें। पुलिस टीमों ने समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय भी बताए गए। महिलाओं और युवतियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर पंपलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा किसी भी आपात स्थिति में निःसंकोच सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति का यह अभियान केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा भावना और स्वावलंबन की नई ऊर्जा भरने का प्रभावी प्रयास साबित हो रहा है।






