काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
समय की गति
समय निरंतर चल रहा, ऊर्जावान असीम।
घूम रहा है अथक यह, कभी न होता धीम।।
समय बड़ा बलवान है, इसमें अतुलित शक्ति।
चलता रहता रात- दिन, सहज कर्म- अनुरक्ति।।
घटना घटती समय पर, कभी सुखद मनहार।
कभी दुखद हो जिंदगी, लगे बहुत बेकार।।
एक समय में जन्म हो, एक समय में अंत।
अंगुलिमाल डकैत भी, बने अचानक संत।
समय- काल के चक्र में, फंसे हुए सब लोग।
कोई लगता अति सुघर, कुछ को मारे रोग।।
राजपाट का काल इक, एक समय बनवास।
एक समय सम्मान अति, एक समय उपहास।।
राजभोग है इक समय, एक समय कंगाल।
जो भी आता जगत में, सबको ग्रसता काल।।
काल किसी का है नहीं, इसके आगे मौन।
विपदा आये किस समय, इसे जानता कौन??







