काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
जीवन की सच्चाई
सच्चाई की राह यह, करो सत्य से स्नेह।
इधर- उधर भटको नही, रहे आत्म में गेह।।
सच्चा जीवन है वही, जहाँ न विषय- विकार।
सत्य भावना दृढ़ रहे, मन में हो उजियार।।
नैतिकता के ग्रंथ का, हो सदैव अभ्यास।
सुंदर मूल्य विचार का, हो सबको अहसास।।
स्वच्छ मधुर संबंध ही, जीवन की है रीति।
सबके प्रति सद्भाव हो, और मनोहर प्रीति।।
विचलित होना मत कभी, करना अंगीकार।
जीवन के संग्राम को, नित सहर्ष स्वीकार।।
माया का संसार यह, इस रहस्य को जान।
सच्चाई के पंथ का, रहे हनेशा ज्ञान।।
आना- जाना नियति है, इसको कभी न भूल।
सुख- दुख में समता रहे, मान शूल को फूल।।
जीवन नौका पार का, सिर्फ यही है मर्म।
अति सात्विक संस्कार ही, सहज सनातन धर्म।।







