लेखकः अरुण गुप्ता, पुलिस महा निरीक्षक सेवा निवृत।
समीक्षा
कस्बा खुड़पेंच गंज
कस्बा खुड़पेंच गंज पुस्तक मेरे हाथ में है। इस पुस्तक के विषय में कुछ कहने से पहले मुझे लेखक श्री अरुण गुप्ता जी के विषय में कुछ कहना है।मेरा कभी उनसे व्यक्तिगत रुप से परिचय नहीं हुआ पर अपरिचित भी नहीं हूं। बस कलम के माध्यम से स्व.श्री अशोक गोयल पत्रकार अमर उजाला द्वारा मेरी पुस्तक पौराणिक सच पर टिप्पणी आने पर आपको पढ़ने की जिज्ञासा हुई। बस यहीं से परिचय की शुरुआत हुई जो अविस्मरणीय बन गई। आप बुलंदशहर में सन् 1987 के दौरान रहे, कभी मुलाकात नहीं हुई। आप अक्सर बुलंदशहर की यादें ताजा करते रहे और उसी दौरान फेसबुक पर आपका “रोज़नामचा ख़ाकसार” आने लगा।पुलसिया विभाग पर रोचक भाषा में व्यंग्य ध्यान खींचता, पढ़तीं और कमेंट अवश्य करती। रोजनामचा ख़ाकसार के आने की प्रतीक्षा भी रहती। ये ऐसा व्यंग्य था जो सच्चाई से रुबरु कराने के साथ कुछ सवाल भी लाता था।आपकी पुलिसिया भाषा प्रभावित भी करती और गुदगुदाती भी थी।
अरुण जी ने लिखा-“सामान्य दिनों में भी कोई पुलिस वाला चौबीस घंटे के एक दिन में शायद ही कभी पंद्रह सोलह से घंटे से कम ड्यूटी पर रहा हो और यह स्थिति केवल दरोगा सिपाही की ही नहीं राजपत्रित अधिकारियों की भी है। एक शायर मिजाज पुलिस अधिकारी कहा करते थे-ड्यूटियों में आज का इतवार खो गया -सहमत हूं।
बिल्कुल सही बात, आपकी भाषा ऐसी है कि एक बार पढ़ना शुरू करके रुकने का मन ही नहीं करता-“मेंढ़क टाइप हैं हमारे नये साब”-लट्ठधारी चौबे चाय सुड़कते हुए बोले।
एक बानगी और देखिए -“दुइए तरह के लोग मिलेंगे एक मछली टाइप, दूसरे मेंढ़क टाइप। मछली में यही गुण है कि पानी में रहकर शोर नहीं करती,”-खास सबक है।
किस्सा मछली और मेंढक से पुस्तक की शुरुआत पहले पृष्ठ से ही मुस्कान बिखेरने लगती है। हंसने का मन करता है पर मैं अपनी मुस्कान को पहले ही पेज पर खर्च करने वाली नहीं हूं। अभी चलना शुरू किया है। अरुण जी मैं भी काफ़ी समय से आपको पढ़तीं आ रही हूं और हौसला अफजाई भी।अब जाकर मेरी मेहनत सफल हुई है।
रिश्वतनामा में गौर फरमाएं -“कचहरी भैया ई बताओ कि सरकारी बाबू सब एत्ती घूस काहे खावत हैं। बिना रिस्वत के कानों काम काहे ना हीं करता है।”
लीजिए -आप ही सवाल आप ही जबाब भी हाजिर है -“भइया एक होता है नजराना, ई बड़ा आदमी अपनी खुशी से दें जाता है ताकि थाना पुलिस और सरकारी दफ्तरों में उनका मान सम्मान बना रहे और वक्त जरुरत वहि के काम धंधे में कोई अड़चन न आए।”
एक और कारनामा -“नर्क चतुर्दशी की अंधेरी रात पुलिस ने तीन क्रियाशील अपराधी बैंक लूट में से प्रयुक्त देसी तमंचों के सिर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर उनकी शिनाख्त पर बैंक लूट के एक लाख पंद्रह हजार सात सौ बत्तीस रुपए भी बरामद किए। इस रात और भी बहुत कुछ हुआ। जुए में पकड़े गए लड़कों को भी कोतवाल साहब ने एक एक हजार अपनी थानेदारी बचाने की खुशी में इनाम के तौर पर दिए। अब अंदर की बात आप ही जाने।मैं तो जैसा आपने लिखा वैसा ही बता रही हूं।
सो दोस्तों, अभी शुरुआत है। आप कस्बा खुड़पेंच गंज पढ़ते चलिए और उनके कारनामों से परिचित हो ते चलिए।
“मुर्गा क्या खाएगा”, यह भी सोचने की बात है। आम आदमी के लिए पुलिस विभाग के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है -“हुजूर सरकार, भाई बंद, कसम धंधे की, मैं इन्हें कुछ भी नहीं खिलाता इन नामाकूलो को। रोज सुबह सुबह सबको पांच पांच रुपए दे देता हूं। जो मन भाए बाजार से खरीद कर पेट भर लेते हैं “-ये बात भी अपनी जगह दुरस्त थी कि शहर और शहर का दस्तूर कायम रहना चाहिए, मुर्गों की क्या कमी है”.
लेखक अरुण जी कलम के धनी हैं जहां पुलिसिया हालात की बखिया उधेड़ते हैं वहां सम्मान भी करते हैं। आखिर जमाना देखा है उन्होंने और जमाने में रहना भी है -“इस तरह तलवार ने कलम के सामने समर्पण किया और कलम का सम्मान कायम रहा।”
अंदर की बात है। बिना बताए कलम रुक ही नहीं रही। तो मुलाहिजा फरमाएं -“इंस्पेक्टर मातादीन मुतफर्रिक ड्यूटियां करते हुए जल बिन मछली की तरह तड़पने के बाद कोठी में शरणागत हुए। उनको खुड़पेंच गंज का चार्ज सौंपा था…..
“क्या करें साहब, 10 पर्सेंट सब जगह रेट है, वहीं दे रहा हूं, लेकिन अब नई रीत लाएं हैं। बी डी ओ साहब 20 पर्सेंट लेंगे।सबको देने के बाद बचेगा क्या घंटा”।
जी हां ये सब अंदर की बातें हैं और इन्हें कोई पुलिसिया ही बयान कर सकता है। सो पाठक महोदय आपके संज्ञान में लाने के लिए कह रही हूं कि अंदर की बातें को आप भी एक बार लेखक श्री अरुण गुप्ता जी की कस्बा खुड़पेंच गंज पढ़ जाइए। आपको सब पता चल जाएगा। वे रोज ही फेसबुक पर अपनी पुस्तक भेंट करते हुए मिल जाते हैं पर किसी समझदार पाठक ने पुस्तक की शान में दो शब्द लिखने की गुस्ताखी नहीं की। करें भी कैसे? पता नहीं कौन से केस और कौन सी धारा में धर लें।
सो दोस्तों, मैंने थोड़ी हिम्मत दोस्ती बनाम पाठक के रुप में दिखाई है। पढ़ते पढ़ते मुझ पर भी असर हो गया है। चार अक्षर श्री मति जी पर पढ़ें बिना बात पूरी नहीं हो रही-“ये गिरस्ती की गाड़ी है।बस एक पहिया ट्रेक्टर का और एक साइकिल का फिर भी खिंची चली जा रही है”-आपकी बात मान लेती हूं कि पुलिसिया विभाग के लोग कैसी भी गाड़ी को खींच लेते हैं ,पर एक बात मगज में नहीं आ रही कि दोनों पहिए एक जैसे क्यों नहीं लिए।बेचारा साइकिल का पहिया कैसे घिसटता होगा।
सो अधिक न लिखकर विनम्र निवेदन है कि मेरे मित्र तहेदिल से कस्बा खुड़पेंच गंज का अवलोकन ही न करें, यह पुस्तक देखने की नहीं पढ़ने की चीज है। लेखक के खट्टे-मीठे, नमकीन संस्मरण हैं जो हंसाते हैं, खिजाते हैं और पुलिसिया तौर तरीके भी बताते हैं। लेखक स्वंय सेवा निवृत पुलिस महानिरीक्षक भी है। लेखक नहीं है फिर भी लेखन है। सबको पढ़ लेते हैं। कामना करती हूं कि आप ऐसे ही लिखते रहें और मैं पढ़ती रहूं। बहुत बहुत बधाई।
अनेकानेक शुभकामनाओं सहित
सुधा गोयल
कृष्णानगर, डा. दत्ता लेन, बुलंदशहर







