सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री व लेखिका
अध्यापिका, समाज-सेविका
नवापारा-राजिम, रायपुर, छत्तीसगढ़।
आलेख –
“जीने की कला तथा जीवन के सौंदर्य को देखना” – सुश्री सरोज कंसारी।
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सच में जीने के बहाने हजारों होते हैं । यदि हम खुश रहना चाहें तो आसपास में ही कई कारण है- हंसने-मुस्कुराने, झूमने-नाचने सेवा और सबका भला। लेकिन हम कभी-कभी गुमसुम हो जाते हैं, संयम, मर्यादा व संस्कार का पालन नहीं कर पाते। कोशिश ही नहीं करते और गमगीन जीवन जीने के लिए विवश हो जाते हैं। किसी भी इंसान के लिए शारीरीक- मानसिक तकलीफ को सहन करना कठिन जरूर होता हैं। और बिना किसी दर्द के जीवन का सफर तय नही होता। कुछ बातें हमारे पास होती हैं जिसका अनुकरण कर सही राह चल सकते हैं। और परेशानियों से निकल जीवन के सौंदर्य को पा सकतें हैं। लेकिन मन को कुंठित कर लेने और साहस न करने से कभी-कभी उम्मीद की कोई किरण नही दिखती और यह जीवन व्यर्थ लगता है। इसलिए हर इंसान को जीने की कला सीखना और दूसरो को सही मार्ग दर्शन देना जरुरी होता है। एक दिन सभी को, पर जब तक जीवित है क्यूं मरने की, भागने की और अकेले ही रहने की सोच लेते हैं? अपने जीवन का फैलता करने में जल्दबाजी मत कीजिए। क्योंकि जब हम क्रोधित, दुखी और हताश होते हैं तब दिल- दिमाग सही नही होता। ऐसे में हम नकारात्मक भाव से भर जातें हैं। उस स्थिति में जब कुछ करते हैं उसका परिणाम कभी-कभी नुकसानदायक होता है। जिसके अफसोस से हम कभी निकल नहीं पाते। ऐसी बात नहीं हैं की आप चाहेंगे और एक साथ सब मिल जाएगा। जीवन सिर्फ एक साथ सभी खुशियों को पा लेना और हर पल मौज- मस्ती में ही बिताना नहीं हैं। कभी- कभी जैसी परिस्थिति निर्मित होती हैं, उसके अनुसार ढलना और चलना होता हैं। संघर्ष करते हुए ही हर कोई निखरते हैं और अपनी हर चाहत को, मंजिल को पाने की कोशिश करते हैं। जो चीज हमें शीघ्र बिना इंतजार किए, मेहनत के आभाव में मिल जाती हैं, उससे हमें कुछ सीखने को नहीं मिलता है। अनुभव नहीं होते और शीघ्र ही वह मूल्यहीन हो जाती है। क्योंकि उसे हम संभाल नही पाते, उसमे रूचि नहीं होती। बिना तड़प, लगन और व्याकुल हुए मिले वस्तु व्यक्ति स्थान से प्रेम नहीं होता। जहां दिल नहीं जुड़ता वहां ज्यादा देर ठहरने में घुटन होती हैं। जीवन का अर्थ है – दर्द-चुभन, कठिनाई, समस्या, होनी -अनहोनी, हादसे, भूकंप- ज्वाला जख्म और दुर्घटनाओं के बीच ही पलना। हर मुसीबत सामना करना, किसी बात को सहना और सृजन करते रहना है। इस सांसरिक जीवन में रहकर ही इस तन और मन का सही उपयोग कर आत्मा को सदैव पवित्र रखना। अपनी सोच से नया आविष्कार करना। वास्तविकता में जीना अति भावुक न होकर मजबूत बनना और जीवित रहकर इस जीवन को औरों के लिए समर्पित कर, मनुष्य तन को धन्य करना है। किसी भी बात को महसूस करना जरूरी है। जब हम अपनी पसंद की कोई वस्तु, व्यक्ति या स्थान को पा लेते वह पल हमें सुखद लगता हैं। वह पल सुंदर होता हैं, हम अंदर से खुश होते हैं। जीवन के सफर में अक्सर ऐसी परिस्थिति निर्मित होती रहती है।लाभ-हानि, सहयोग-असहयोग,आशा-निराशा, सफ़लता-असफलता मिलती रहती रहेंगी। लेकिन किसी भी बात से अति उत्सुक और तनाव लेना उचित नहीं। अपने जीवन को हमेशा रोमांचित बनाएं रखने के लिए हमें अंतरात्मा को शुद्ध रखना जरूरी हैं। शोक- रोग, संताप, मद- माया से पूर्ण रहने से हर पल व्यथित रहता हैं, नरक तुल्य जीवन जीते हैं। जिसमें सात्विक विचार नहीं पनपते, हर पल हम असंतुष्ट होते हैं। जीवन के सौंदर्य को देखने के लिए सुक्ष्म दृष्टि चाहिए। जो इस सांसारिक जीवन में खोए रहने से नहीं मिल सकता, आत्मिक अनुभव से मिलता हैं। मन के भीतर ही परमात्मा है। सुंदर विचार है, शक्ति, सामर्थ्य है। लेकिन जब हम सुख की चाह में निकलते हैं तो भूल जाते हैं उसकी परिभाषा। मन को लुभाने के लिए कई साधन हमारे आसपास होते हैं। उस तरफ हम अपना ध्यान आकर्षण कर लेते हैं, बिना यह जाने की परम आनंद तो अंदर हैं। लेकिन हम बस रिश्ते-नाते, सगे- संबंधी, परिवार, मित्र और विभिन्न उलझन से निकल कर सोच नही पाते हैं। जिंदगी को जीते हुए कभी-कभी समझ नहीं पाते। क्या करना है ? और वक्त बीत जाता है। ईश्वर भक्ति, ध्यान-धारण, संयम से मन को सुकून मिलता हैं। अक्सर हम बाह्य जगत से ज्यादा प्रभावित होते हैं। किसी के मजाक, अपमान, दुर्व्यवहार, अपशब्द, ताना को दिल से लेते हैं और दुखी हो जाते हैं। क्यों ऐसे कहे, नहीं कहना था ? आदि बेवजह के विचार कर मन की शांति खुद नष्ट करते हैं। फिर किसी काम में मन नही लगता, खुद को अकेले महसूस करते हैं। पर सोचिए ! यह इतनी बड़ी दुनिया है ? हर समस्या के सामाधान कहीं न कहीं हैं।मरने से पहले एक बार उस वजह को अवश्य तलाश कीजिए, जिससे जीवन जीने की चाह बढ़ती हैं। जरा-सी किसी बात का शोर होने पर ध्यान उसी ओर चला जाता है। जो हमारी जिम्मेदारी है उस तरफ ध्यान एकाग्र नहीं कर पाते हैं।
बस, हम उसी तरफ ज्यादा आकर्षित होते हैं। जो दिखावटी ज्यादा और वास्तविक कम होता है। अपना अधिकतर समय हम किसी न किसी ऐसी बात पर परेशान होने में निकाल देते हैं। जिससे मन पवित्र नहीं रह पाता छल कपट बैर ईर्ष्या क्रोध से भरे होते हैं। नाजुक होता है दिल ! जो कोई अच्छा लगे उसके करीब जाना चाहते हैं, कोई अपनापन देगा तो उसके बारे में सोचने लगते हैं कोई मीठी बातें करें तो उसे सुनना चाहते हैं बहुत जल्द ही हम किसी के बजकावे में आ जाते हैं, बिना जाने की क्या वो सच में वैसे हैं जैसे दिखा रहे हैं ख़ुद को। बाद में सच्चाई का पता चलता हैं लोग अक्सर उन्ही को अपने जाल में फंसाते जो अति भावुक होते हैं ज्यादा विचार नहीं करते बस सभी की बात में विश्वास कर लेते है। इसलिए दिमाग का प्रयोग जरुरी हैं जिसने मिलते हैं उनके बारे में पूरी जानकारी रखनी चाहिए नहीं तो अक्सर नुकसान होता हैं मानसिक तनाव बढते हैं। जीवन में अपने शौक- चाहत, ख्वाहिश को प्राथमिकता देते हुए हुनर से पद- प्रतिष्ठा, शौहरत- दौलत, मान- सम्मान जरूर प्राप्त करिए। लेकिन सब कुछ प्राप्त करने के लिए जीना मत भूलिए उदास मत रहिए। दुखी मत रहिए ये सोचकर की आपके किस्मत में कुछ लिखा नहीं जो चाहा वो मिला नहीं। आपके जीवन का पन्ना कोरा है बस, लिखो नई प्रेरक कहानी, भरिए अपनी पसंदीदा रंग। जिज्ञासु बनो। मन में उठने वाले किसी भी विचार को रोकिए मत। चाहें कुछ भी हो हालात, जीवन में उस काम को करने में अपना दिल-दिमाग और मेहनत लगा देना जिससे जीवन बेहतर बनने की संभावना हो। आजकल हम, प्रत्येक क्षण को जीते कम हैं और छोटी-छोटी बातों में रोते ज्यादा हैं। अपने ही परिवार, समाज व मित्र, पड़ोस और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में जरा-सी देरी, होने पर कोई कार्य बिगड़ने व अति व्यस्तता से निराश हो जाते हैं। जीवन के सफर में, चलते हुए उतार -चढ़ाव होते रहते हैं। परन्तु, सहनशक्ति कम होने से अपने ही मन में बुरे ख्याल रखने और चिंता करके हम अपने जीवन से कभी-कभी समझौता नहीं कर पाते और स्वयं को दुखी मानते हैं। कभी-कभी जीवन जीने की चाह भी छोड़ देते है। पर ध्यान से देखे तो कई वजह हैं हमारे आसपास जिसमें हम जीने का उद्वेश्य ढूंढ सकतें हैं। पर समय पर किसी की बात न सुनने, जिद्दी स्वभाव, संकोची, हीनभाव से ग्रसित, दुखद घटना को दिल-दिमाग पर बिठा लेने, सकारात्मक न सोचने, हिम्मत न रखने, बड़ों का कहना न मानने और खुद पर विश्वास न होने से कई लोग हार मान जाते हैं। किसी की बात पर आपसी मन मुटाव को सहन नहीं करते। इसलिए दिन में। एक बार खुलकर अवश्य हँसो। मत देखें कि कौन क्या कहते हैं वरन् इससे तनाव दूर होते हैं। काम के प्रति सक्रियता आएगी। नए विचार प्रवाहित होते हैं।
सादर!







