डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, उ.प्र.।
(नया अध्याय, देहरादून)
नारी-पीड़ा(सरसी छंद)
आओ, कृष्ण धरा पर करने, नारी-लाज-बचाव,
बहन द्रोपदी तुम्हें पुकारे, ले आहत मन-भाव।
कंस-वंश की बाढ़ करे पुनि, मानवता का नाश,
पाप-कर्म के बने छिद्र का, आकर करो भराव।।
आओ,कृष्ण धरा पर,…………।।
थर-थर काँप रही लख धरती, सके न सह अघ-भार,
चीर-हरण नित करे दुशासन, पाप-कर्म-व्यभिचार।
विपिनविहारी – कृष्णमुरारी, चक्रसुदर्शन छोड़,
पाप-मुक्त पुनि करो धरा को, करके दूर दुराव।।
आओ, कृष्ण धरा पर,………….।।
कर दुष्कर्म संग महिला के, हरते उनके प्राण,
टुकड़े-टुकड़े तन के करते, कैसे हो कल्याण?
यशुमति-नंदन-कृष्ण कन्हैया, छेड़ बाँसुरी-तान,
करो शुद्ध हिय दुष्ट जनों के, जिनमें नहीं लगाव।।
आओ,कृष्ण धरा पर,…………..।।
धरा पुकारे, हे गिरधारी! रोको खल-उत्पात,
करते मैला ये नित आँचल, कैसे मिले निज़ात?
मनुज-कर्म का पाठ पढ़ाकर, दे दो ऐसी सीख,
करे पलायन जिससे जग से, कुत्सित मनस तनाव।।
आओ, कृष्ण धरा पर,…………..।।
कुत्सित वातावरण हुआ अब, कुत्सित सोच-विचार,
नीर-क्षीर के घटे विवेकी, चहुँ-दिशि अत्याचार।
कामी-कपटी, छली-घमंडी, की होती नित बाढ़,
दिखे न अब तो, सुनो मुरारी, शुद्ध सोच-ठहराव।।
आओ, कृष्ण धरा पर,……………।।







